हेल्थ इंश्योरेंस खरीदने का हमारा मुख्य उद्देश्य यही होता है कि हेल्थ इमरजेंसी के समय इलाज के भारी-भरकम खर्च की चिंता न करनी पड़े। इसी भरोसे की सबसे अहम कड़ी है ‘कैशलेस’ सुविधा, जिसमें हमें अपनी जेब से हॉस्पिटल को कोई पैसा नहीं देना पड़ता और इंश्योरेंस कंपनी सीधे हॉस्पिटल का बिल चुका देती है।
लेकिन सोचिए, क्या हो अगर ज़रूरत के समय आपको पता चले कि आपकी इंश्योरेंस कंपनी और हॉस्पिटल के बीच किसी विवाद के चलते यह सुविधा ही बंद कर दी गई है? हाल के दिनों में भारत के हेल्थ सर्विस सेक्टर में यही हो रहा है। हॉस्पिटल और इंश्योरेंस कंपनियाँ, जो इस सिस्टम के दो सबसे अहम् पहलु हैं, पैसों और नियमों को लेकर बार-बार आमने-सामने आ रही हैं। इस टकराव का सीधा असर उन करोड़ों लोगों पर पड़ रहा है, जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदी है।
आइए समझते है कि इंश्योरेंस कंपनियों और हॉस्पिटल्स के बीच क्या विवाद चल रहा है और इसका संबधित सेक्टर और पॉलिसी होल्डर्स पर क्या प्रभाव पड़ रहा है।
क्या है मामला?
यह पूरा विवाद तब सामने आया जब AHPI ने चेतावनी दी कि अगर स्टार हेल्थ इंश्योरेंस ने हॉस्पिटल्स की शिकायतों का समाधान नहीं किया तो हॉस्पिटल 22 सितंबर 2025 से स्टार हेल्थ के पॉलिसीहोल्डर्स के लिए कैशलेस सेवाओं को निलंबित कर देंगे। हॉस्पिटल्स की नाराज़गी के पीछे कई गंभीर आरोप थे। AHPI के अनुसार, इंश्योरेंस कंपनी कई वर्षों से इलाज की दरों (टैरिफ) को संशोधित करने से इनकार कर रही थी, जबकि मेडिकल इन्फ्लेशन सालाना 7% से 8% की दर से बढ़ रही है, जिससे हॉस्पिटल्स के लिए पुरानी दरों पर काम करना आर्थिक रूप से अव्यवहारिक हो गया है।
इसके अलावा, हॉस्पिटल्स ने यह भी आरोप लगाया कि इंश्योरेंस कंपनी अप्रूवल के बाद भी बिलों में अनुचित कटौती करती है और कभी-कभी बिना किसी पूर्व सूचना के हॉस्पिटल्स को अपने नेटवर्क से हटा देती है, जिससे मरीज़ों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्यों बढ़ रहा है यह टकराव?
स्टार हेल्थ और AHPI के बीच का विवाद कोई अकेली घटना नहीं है। यह एक ऐसे पैटर्न का हिस्सा है जो पूरे इंडस्ट्री में देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय में, AHPI ने बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस और केयर हेल्थ इंश्योरेंस जैसी अन्य प्रमुख इंश्योरेंस कंपनियों के खिलाफ भी इसी तरह की चेतावनियाँ जारी की हैं।
इसी तरह, नीवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस और मैक्स हेल्थकेयर हॉस्पिटल्स के बीच भी कैशलेस सेवाओं को लेकर विवाद सामने आया। इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि समस्या किसी एक कंपनी के साथ नहीं, बल्कि सिस्टम में है। इसका मूल कारण बढ़ती चिकित्सा लागत और इंश्योरेंस कंपनियों द्वारा भुगतान की जाने वाली दरों के बीच बढ़ता अंतर है।
पॉलिसीहोल्डर्स पर इसका क्या असर पड़ता है?
इस पूरे टकराव के बीच, पॉलिसीहोल्डर खुद को असहाय महसूस करते हैं। हेल्थ इंश्योरेंस खरीदने का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि किसी मेडिकल इमरजेंसी के समय वित्तीय सुरक्षा और मानसिक शांति मिले। कैशलेस सुविधा इस वादे को पूरा करने का सबसे महत्वपूर्ण ज़रिया है, क्योंकि यह मरीज़ों को हॉस्पिटल में भर्ती होने के समय बड़ी रकम का इंतज़ाम करने के तनाव से बचाती है।
जब हॉस्पिटल और इंश्योरेंस कंपनी के बीच विवाद के कारण इस सुविधा को निलंबित कर दिया जाता है, तो यह पॉलिसी के मूल उद्देश्य को ही विफल कर देता है। मरीज़ों को अपनी जेब से हॉस्पिटल के बिलों का भुगतान करने के लिए मजबूर होना पड़ता है और बाद में इंश्योरेंस कंपनी से रीइम्बर्समेंट के लिए क्लेम करना पड़ता है।
निवेशकों के लिए इसमें क्या है?
यह टकराव केवल मरीज़ों और हॉस्पिटल्स के लिए ही चिंता का विषय नहीं है, बल्कि इंश्योरेंस और हेल्थ सर्विस से स्टोर में निवेश करने वालों के लिए भी चिंता का विषय हैं। स्टार हेल्थ जैसी लिस्टेड इंश्योरेंस कंपनियों के लिए, इस तरह के सार्वजनिक विवाद उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुँचाते हैं। जब एक इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ़ 13,000 से अधिक शिकायतें दर्ज होती हैं और देश का सबसे बड़ा हॉस्पिटल संघ उसके खिलाफ़ खड़ा हो जाता है, तो यह ग्राहकों के विश्वास को कमज़ोर करता है, जिससे भविष्य में कस्टमर रिटेंशन और नए ग्राहकों को जोड़ने में मुश्किलें आ सकती हैं।
निवेशकों को इस समय इस टकराव के डेवलपमेंट को ट्रैक करने की आवश्यकता है क्योंकि यह सिर्फ एक कंपनी के बारे में नहीं है बल्कि यह पूरे इंश्योरेंस और हेल्थ सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण विषय है।
भविष्य की बातें
AHPI और स्टार हेल्थ ने सितंबर 21, 2025 (रविवार) को संयुक्त बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने 10 अक्टूबर से कैशलेस सेवाओं को फिर से शुरू करने और शेष मुद्दों, जैसे टैरिफ संशोधन, को 31 अक्टूबर तक हल करने पर सहमति जताई। AHPI ने यह भी कहा कि वह इंडस्ट्री लीडर्स की एक समिति बनाएगी, जो प्रमुख इंश्योरेंस कंपनियों के साथ सेक्टर स्तर पर बातचीत करेगी ताकि भविष्य में इस तरह के व्यवधान से बचा जा सके।
हालांकि, AHPI ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि 31 अक्टूबर तक टैरिफ विवाद का समाधान नहीं हुआ, तो स्टार हेल्थ के पॉलिसीहोल्डर्स के लिए कैशलेस क्लेम निलंबन का खतरा फिर से बन सकता है।
*आर्टिकल में शामिल कंपनियों के नाम केवल सूचना के उद्देश्य के लिए है। यह निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर