दलाल स्ट्रीट पर सोमवार, अक्टूबर 06, 2025 को हेल्थकेयर सेक्टर के स्टॉक्स में जबरदस्त तेजी देखी गई। CGHS की दरों में 15 सालों बाद सबसे बड़े संशोधन के पश्चात अपोलो हॉस्पिटल्स, फोर्टिस हेल्थकेयर, नारायणा हृदयालय, ग्लैंड फार्मा और ग्लोबल हेल्थ जैसे प्रमुख हॉस्पिटल स्टॉक्स 3% से 7% तक बढ़ गए।
यह कदम न केवल हेल्थकेयर सेक्टर के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि निवेशकों के लिए भी एक संभावित अवसर का संकेत देता है। तो आइए समझते हैं कि बदलाव क्या है।
क्या है मामला?
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनहोल्डर्स के लिए सरकार की ओर से एक और खुशखबरी आई है। महंगाई भत्ते (DA) में हालिया बढ़ोतरी के बाद अब केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (CGHS) में भी बड़े बदलाव किए गए हैं, जो लाखों लाभार्थियों को सीधा फायदा देंगे।
सरकार ने 3 अक्टूबर को करीब 2,000 मेडिकल प्रक्रियाओं की दरों में संशोधन की घोषणा की, जो 13 अक्टूबर 2025 से लागू होंगे। पुराने रेट्स 2014 से लागू थे, जिनके चलते हॉस्पिटल्स और कर्मचारियों दोनों को भुगतान संबंधी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
नई दरें अब हॉस्पिटल्स की मान्यता, शहर की श्रेणी, हॉस्पिटल के प्रकार और वार्ड की पात्रता के आधार पर तय की गई हैं। इस बदलाव से प्राइस निर्धारण अधिक पारदर्शी होगा। सबसे अहम बात यह है कि अब कैशलेस इलाज पहले से कहीं आसान हो जाएगा। चूंकि पैकेज रेट्स को वास्तविक लागत के अनुसार अपडेट किया गया है, इसलिए प्राइवेट हॉस्पिटल अब CGHS कार्डहोल्डर्स को निःसंकोच कैशलेस सर्विस प्रदान कर पाएंगे।
नई CGHS दर संरचना
NABH/NABL मान्यता न रखने वाले हॉस्पिटल्स को अब 15% कम दरें मिलेंगी, जबकि सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल्स को उसी शहर श्रेणी में 15% अधिक दरें प्राप्त होंगी।
शहरों के वर्गीकरण के अनुसार, टियर-II (Y) शहरों में दरें 10% कम और टियर-III (Z) शहरों में 20% कम होंगी। उत्तर-पूर्वी राज्यों, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में टियर-II दरें लागू की जाएंगी।
इसके साथ ही, नई दरें सेमी-प्राइवेट वार्ड के लिए तय की गई हैं जनरल वार्ड में 5% कम और प्राइवेट वार्ड में 5% अधिक दरें रहेंगी। जबकि कंसल्टेशन, रेडियोथेरेपी, जांच और डे-केयर प्रक्रियाओं की दरें अब सभी वार्ड श्रेणियों में समान रहेंगी। वहीं, कैंसर सर्जरी के लिए पुराने नियम लागू रहेंगे, लेकिन कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी और जांच पर नई दरें लागू होंगी।
हॉस्पिटल्स इंडस्ट्री पर कैसा होगा प्रभाव?
यह संशोधन हॉस्पिटल इंडस्ट्री के लिए एक महत्वपूर्ण सकारात्मक कदम है। लंबे समय से CGHS मरीजों की यह शिकायत रही है कि निजी अस्पताल कैशलेस इलाज उपलब्ध नहीं करा रहे थे, जिससे उन्हें पहले खुद भुगतान करना पड़ता था और बाद में महीनों बाद रिफंड मिलता था। दूसरी ओर, निजी हॉस्पिटल्स का तर्क था कि पुरानी दरें वर्तमान मेडिकल खर्चों को कवर करने के लिए बहुत कम थीं।
नई दर संरचना से अब स्थिति पूरी तरह बदलने की उम्मीद है क्योंकि फाइनेंशियल एक्सप्रेस के अनुसार, DAM कैपिटल का मानना है कि यदि हॉस्पिटल्स की 10% अर्निंग सरकारी योजनाओं से आती है और 20% EBITDA मार्जिन है, तो 25% की ग्रोथ दर से 2.5% रेवेन्यू ग्रोथ और 10% EBITDA में ग्रोथ हो सकती है।
निवेशकों के लिए इसमें क्या है?
निवेशकों के लिए यह संशोधन कई महत्वपूर्ण अवसर लेकर आ सकता है। सबसे पहले, यह हॉस्पिटल्स की रेवेन्यू ग्रोथ में योगदान देगा, विशेषकर उन हॉस्पिटल्स का जिनका सरकारी योजनाओं में अधिक एक्सपोजर है। जिसमें यथार्थ हॉस्पिटल्स का सरकारी योजना एक्सपोजर 35% है, मैक्स हेल्थकेयर का 21.8%, नारायणा हेल्थ का 18%, ग्लोबल हेल्थ का 18%, और अपोलो हॉस्पिटल्स का 9% है। नई दरों से इन कंपनियों की रेवेन्यू ग्रोथ और मार्जिन दोनों में सुधार की उम्मीद है।
इस खबर के बाद शेयर मार्केट ने तुरंत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और सोमवार, अक्टूबर 06, 2025 को मैक्स हेल्थकेयर के शेयर 3%, यथार्थ हॉस्पिटल्स के 3.5%, और अपोलो हॉस्पिटल्स के 2% से अधिक बढ़ गए। निवेशक अब इस उम्मीद में हैं कि सरकारी योजनाओं से जुड़ी अर्निंग्स बढ़ने से इन हॉस्पिटल्स की प्रोफिटेबिलिटी और कैशफ्लो दोनों मजबूत होंगे।
भविष्य की बातें
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह सुधार बहुत समय से आवश्यक था और नई दर संरचना से CGHS पैनल अस्पतालों और लाभार्थियों के बीच विश्वास बहाल होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अस्पतालों को 13 अक्टूबर तक नई दरें स्वीकार करनी होंगी, अन्यथा उन्हें CGHS सूची से हटा दिया जाएगा।
एनालिस्ट का अनुमान है कि CGHS दर संशोधन से औसतन 25-30% तक रिइम्बर्समेंट बढ़ सकता है। इससे फोर्टिस, मैक्स हेल्थकेयर और अपोलो हॉस्पिटल्स जैसे प्रमुख संस्थानों को सबसे अधिक लाभ होने की संभावना है। नई दरें निजी अस्पतालों को इस योजना में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेंगी, जिससे मरीजों को कैशलेस इलाज की सुविधा और अधिक सुलभ हो जाएगी।
*आर्टिकल में शामिल कंपनियों के नाम केवल सूचना के उद्देश्य के लिए है। यह निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर