अपने पिछले आर्टिकल में हमने आपको फाइनेंशियल फ्रीडम प्राप्त करने के लिए दो प्रभावी रणनीतियों के बारे में बताया था। एवलॉन्च मेथड जो पहले हाई-इंटरेस्ट-रेट वाले लोन के भुगतान को प्राथमिकता देता है और स्नोबॉल मेथड जो बड़े लोन की ओर बढ़ने से पहले छोटे लोन से निपटने पर जोर देता है। 

आज हम कर्ज-मुक्त होने के लिए तीसरे अप्रोच पर फोकस करेंगे जिसने हाल ही में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वह है डेब्ट कंसोलिडेशन मेथड।

आइए जानते हैं कि डेब्ट कंसोलिडेशन क्या है? इसके फायदे और नुकसान क्या हैं और क्या यह आपके लिए कर्ज-मुक्त भविष्य का मार्ग प्रशस्त करने की एक अच्छी रणनीति है?

आइए शुरू करते हैं।

डेब्ट कंसोलिडेशन क्या है?

आज के दौर में कई लोग ऐसे हैं जिन्हें घर, सोना या कार जैसी महत्वपूर्ण चीजें खरीदने के लिए पैसे उधार लेने की ज़रूरत होती है। कभी-कभी वे एजुकेशन के लिए भी उधार लेते हैं या क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते हैं। बाजार में कई प्रकार के लोन मिल सकते हैं। लेकिन इन सभी लोन से निपटना कठिन हो सकता है। आपको यह याद रखना होगा कि हर एक लोन का भुगतान कब करना है और यह भी सुनिश्चित करना होगा कि आपके पास इन लोन का भुगतान करने के लिए बैंक खातों में पर्याप्त पैसा है।

इस स्थिति में डेब्ट कंसोलिडेशन अपनी भूमिका में आता है। यह आपके सभी लोन को एक साथ एक बड़े लोन में एकत्रित करने जैसा है। सभी लोन की अपनी ब्याज दर और देय तिथि होती है, इसलिए कई लोन को संभालने के बजाय आप उन सभी को एक ही लोन में ले आते हैं। आमतौर पर इस नए लोन पर ब्याज दर कम होती है, जो आपको समय के साथ पैसे बचाने में मदद कर सकती है।

भारत में डेब्ट कंसोलिडेशन आपको विभिन्न रूप में मिल सकता है। कुछ आपको अपने क्रेडिट कार्ड की शेष राशि को कम ब्याज दर के साथ एक कार्ड में ट्रांसफर करने, अपने सभी लोन का भुगतान करने के लिए पर्सनल लोन लेने या बैंकों या अन्य फाइनेंशियल संस्थानों से स्पेशल डेब्ट कंसोलिडेशन सर्विस का उपयोग करने का विकल्प प्रदान करते हैं।

सरल शब्दों में कहें तो डेब्ट कंसोलिडेशन का उद्देश्य आपके लिए बिना किसी कन्फ्यूजन के अपना लोन चुकाना आसान बनाना है।

डेब्ट कंसोलिडेशन के फायदे

1. व्यवस्थित रीपेमेंट

डेब्ट कंसोलिडेशन आपके फाइनेंशियल मामलों को व्यवस्थित करने पर फोकस है। यह कई EMI भुगतानों को केवल एक में बदलकर चीजों को आसान बनाता है। कई अलग-अलग पेमेंट पर नजर रखने के बजाय आपको केवल एक मासिक भुगतान के बारे में चिंता करनी होगी, जिससे आपके सारे लोन को मैनेज करना बहुत आसान हो जाएगा।

2. कम ब्याज दरें

जब आप डेब्ट कंसोलिडेशन लोन का उपयोग करते हैं, तो इसमें आमतौर पर क्रेडिट कार्ड या अन्य हाई-इंटरेस्ट-लोन्स की तुलना में कम ब्याज दरें होती हैं। इससे आपको समय के साथ पैसे बचाने में मदद मिल सकती है क्योंकि आपको उतना ब्याज नहीं देना होगा।

3. क्रेडिट स्कोर को मजबूती

जब आपके पास बहुत सारे अलग-अलग लोन हों, तो आपको कई ड्यू डेट याद रखनी होगी। यदि आप गलती से भुगतान करना चूक जाते हैं, तो आपका क्रेडिट स्कोर नीचे जा सकता है। लेकिन यदि आप अपने लोन को प्रभावी ढंग से मैनेज करने के लिए डेब्ट कंसोलिडेशन लोन का उपयोग करते हैं, तो यह वास्तव में आपके क्रेडिट स्कोर को बढ़ा सकता है। नियमित समय पर भुगतान करना दर्शाता है कि आप अपने फाइनेंस के लिए जिम्मेदार हैं। साथ ही इससे आपके लिए भविष्य में अच्छी शर्तों पर क्रेडिट प्राप्त करना आसान हो सकता है।

4. फिक्स्ड रीपेमेंट के साथ स्पष्टता

डेब्ट कंसोलिडेशन आमतौर पर सामान्य लोन की तरह एक फिक्स्ड रीपेमेंट टर्म के साथ आता है। इससे आपके पास कर्ज मुक्त होने के लिए एक स्पष्ट टाइमलाइन होगी।

डेब्ट कंसोलिडेशन के नकारात्मक पहलू

1.और ज्यादा कर्ज का जोखिम

अपने ऋणों को कंसोलिडेट करने के बाद फिर से कर्ज में डूबने का जोखिम होता है, खासकर यदि आप अपने क्रेडिट कार्ड का उपयोग करना जारी रखते हैं या और रुपये उधार लेते हैं। इससे कर्ज का कभी न खत्म होने वाला चक्र बन सकता है जिससे मुक्त होना बहुत कठिन है। इसलिए, अपने ऋण को कंसोलिडेट करते समय अनुशासित रहना और बुद्धिमानी के साथ फाइनेंशियल विकल्प चुनना जरूरी है।

2. फीस एंड चार्जेस

यह जानना जरूरी है कि डेब्ट कंसोलिडेशन एक लागत के साथ आता है। आपको अपनी शेष राशि ट्रांसफर करने या कंसोलिडेट लोन प्राप्त करने के लिए फीस का भुगतान करना पड़ सकता है। फैसला लेते समय इन खर्चों पर ज्यादा डिटेल और स्पष्टता के लिए अपने बैंक या नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) की वेबसाइट की जांच करना एक अच्छा विचार है।

3. कोलेटरल खोने का जोखिम

यदि आप एक सुरक्षित डेब्ट कंसोलिडेशन लोन का विकल्प चुनते हैं जहां आप अपनी संपत्ति को कोलेटरल के रूप में उपयोग करते हैं, तो इसपर ध्यान देना महत्वपूर्ण है कि भुगतान करने में विफल रहने पर उन संपत्तियों का नुकसान हो सकता है। यह जोखिम महत्वपूर्ण है और इस प्रकार के लोन का फैसला लेने से पहले इस पर सावधानीपूर्वक विचार किया जाना चाहिए।

4. क्रेडिट स्कोर पर अस्थायी प्रभाव

डेब्ट कंसोलिडेशन लॉन्ग टर्म में जरूर आपके क्रेडिट स्कोर में सुधार कर सकता है, लेकिन शुरुआत में यह क्रेडिट इंक्वायरी और नए क्रेडिट अकाउंट्स के कारण क्रेडिट स्कोर को कम कर सकता है।

डेट कंसोलिडेशन स्ट्रेटेजी से जुड़ी कुछ बातें जो कोई नहीं बताता

1. अनुशासन जरूरी है

डेब्ट कंसोलिडेशन को अक्सर वन-टाइम समाधान की तरह देखा जाता है जो आपकी सभी धन संबंधी समस्याओं को हमेशा के लिए हल कर देता है। लेकिन यह सच नहीं है। यह तब सबसे अच्छा काम करता है जब आप अपने पैसे के मामले में बेहतर होने का वादा करेंगे। यदि आप बहुत ज्यादा खर्च करते रहेंगे या अपने पैसों का मैनेजमेंट ठीक से नहीं करेंगे तो यह किसी मैजिक की तरह काम नहीं करेगा।

2. यह मूल समस्या का समाधान नहीं करता

इसे ऐसे समझें जैसे बुखार आ गया हो और आप टेंपरेचर कम करने के लिए दवा ले रहे हैं। यह सिर्फ बुखार कम करने में मदद करता है, लेकिन बीमारी को ठीक नहीं करता।

इसी तरह, डेब्ट कंसोलिडेशन आपके कर्ज की स्थिति को आसान बनाकर सुधार सकता है, लेकिन यह किसी और चीज को ठीक नहीं करता है। आपको यह पता लगाना होगा कि एक अनुशासित रणनीति को अपनाकर अपना कर्ज कैसे चुकाया जाए।

3. स्कैम से सावधान रहें

यह ध्यान रखें कि सभी प्रोवाइडर्स आपके बेस्ट इंटरेस्ट को ध्यान में नहीं रखेंगे। इसलिए डेब्ट कंसोलिडेशन सर्विस का उपयोग करते समय सतर्क रहें। अच्छी तरह से रिसर्च करें और रेपुटेड प्रोवाइडर ही चुनें।

डेब्ट कंसोलिडेशन क्या स्मार्ट कदम है?

इसका जवाब है कि यह आपकी फाइनेंशियल स्थिति और रिस्पॉन्सिबल फाइनेंशियल मैनेजमेंट के प्रति कमिटमेंट पर निर्भर करता है। यदि आप हाई-इंटरेस्ट वाले ऋणों से निपट रहे हैं तो यह एक वैल्यूएबल टूल हो सकता है, क्योंकि यह आपके रीपेमेंट को सरल बनाता है और आपके पैसे भी बचाता है।

लेकिन याद रखें डेब्ट कंसोलिडेशन पर सावधानी के साथ विचार जरूर करें। ब्याज दरों और फीस सहित कंसोलिडेशन लोन की शर्तों को समझें। अपने कंसोलिडेटेड ऋण को चुकाने के लिए एक रियलिस्टिक प्लान तैयार करें और बुरी फाइनेंशियल आदतों से बचें।

निष्कर्ष

डेब्ट कंसोलिडेशन कोई जादुई समाधान या क्विक फीक्स नहीं है। जब समझदारी से इसका उपयोग किया जाएगा तब ही यह फाइनेंशियल रणनीति आपके कर्ज से निपटने में आपकी मदद कर सकती है।

यह आसान रीपेमेंट, कम ब्याज दरों और बेहतर क्रेडिट स्कोर की संभावना का लाभ प्रदान करता है। हालांकि, यह सभी के लिए एक जैसे सॉल्यूशन नहीं है और इसके कुछ नुकसान भी हैं।

डेब्ट कंसोलिडेशन का उपयोग करने से पहले अपनी फाइनेंशियल स्थिति का सावधानी के साथ आकलन करें और यदि जरूरत हो तो गाइडेंस लें। सही अप्रोच के साथ डेब्ट कंसोलिडेशन कर्ज-मुक्त भविष्य की दिशा में एक अच्छा कदम हो सकता है।

*आर्टिकल केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह निवेश सलाह नहीं है।

*डिस्क्लेमर: https://tejimandi.com/disclaimer