आपका पैसा कहाँ चला जाता है, यह सवाल आपको भी परेशान करता होगा। आप सोचते हैं कि आप समझदारी से खर्च कर रहे हैं, फिर भी आपकी बचत उम्मीद के मुताबिक़ नहीं हो रही। इसका कारण है फाइनेंशियल लीकेज – वे छोटे और अनदेखे खर्चे जो धीरे-धीरे आपके पैसे को खा जाते हैं। इन छुपे हुए खर्चों की पहचान करना और उन्हें रोकना आपकी वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में पहला कदम है।
तो आइए इस सप्ताह, अपने पैसों की फिजूलखर्ची को रोकें और अपनी बचत एंव निवेश बढ़ाएं।
फाइनेंशियल लीकेज क्या है?
फाइनेंशियल लीकेज का अर्थ है वह पैसा जो किसी ऐसी चीज पर खर्च हो रहा है जिस पर आपका ध्यान नहीं जाता। यह खर्च मासिक, तिमाही या वार्षिक आधार पर दोहराया जाता रहता है। कभी-कभी आप इस खर्च को अपने बैंक स्टेटमेंट में देखते हैं लेकिन इसकी डिटेल समझ नहीं पाते या यह भूल जाते हैं कि यह राशि किस पर खर्च हुई थी।
अजय का उदाहरण आपको इसे समझने में मदद करेगा। नौकरी बदलने के बाद उसने नया सैलरी अकाउंट खोला लेकिन पुराने अकाउंट को बंद नहीं किया। कुछ महीनों बाद बैंक ने अकाउंट का स्टेटस बदलकर रेगुलर सेविंग्स अकाउंट कर दिया और न्यूनतम बैलेंस न रखने के चार्जेस लगाने शुरू कर दिए। नतीजा यह हुआ कि पॉजिटिव बैलेंस नेगेटिव में बदल गया।
सब्सक्रिप्शन सर्विसेज – सबसे बड़ा पैसा लीक
सबसे बड़ी मनी लीक है सब्सक्रिप्शन सर्विसेज। हम में से कई लोग स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म, जिम मेंबरशिप या क्लाउड स्टोरेज के लिए साइन अप करते हैं और फिर उन्हें भूल जाते हैं। भले ही आप उनका नियमित उपयोग न करें, वे हर महीने आपसे चार्ज करते रहते हैं। इसे ठीक करने का सबसे अच्छा तरीका है अपनी सब्सक्रिप्शन्स का रिव्यु करना, और अनावश्यक ऑटोपे को बंद करना। एक बार किसी स्ट्रीमिंग या अन्य सर्विस के लिए आप ऑटोपे का पेमेंट मेथड सेट कर देते है तो वह हर महीने आपके अकाउंट से पैसे चार्ज करता रहेगा तब तक की आप उसे बंद नहीं कर सकते है।
बैंक फीस और छुपे हुए चार्जेस
बैंक फीस और छुपे हुए चार्जेस आपके पैसे की दूसरी अनावश्यक निकासी हैं। बैंक मेंटेनेंस फीस, ATM विड्रॉल फीस और न्यूनतम बैलेंस न रखने की पेनल्टी चार्ज करते हैं। समय के साथ ये छोटी फीस जमा होकर बड़ी राशि बन जाती हैं। इनसे बचने के लिए जीरो-बैलेंस अकाउंट पर स्विच करना, केवल अपने बैंक के ATM का उपयोग करना और ओवरड्राफ्ट या लेट पेमेंट से बचने के लिए अलर्ट सेट अप करना फायदेमंद है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) का उदाहरण लें। मानले आपने जब यह लॉन्च हुई, तो इसे सब्स्क्राइब किया। यह पॉलिसी 2 लाख रुपये के टर्म लाइफ इंश्योरेंस कवर के लिए 436 रुपये की वार्षिक प्रीमियम लेती है। बाद में आपने अधिक कवर राशि के साथ दूसरी टर्म लाइफ इंश्योरेंस खरीदी और PMJJBY प्लान की जरूरत नहीं रही, फिर भी वार्षिक प्रीमियम बैंक अकाउंट से ऑटो-डेबिट होते रहे।
ऑनलाइन शॉपिंग और फूड डिलीवरी की लागत
ऑनलाइन शॉपिंग और फूड डिलीवरी दो ऐसी आदतें हैं जो आपके पैसे को जल्दी खत्म कर सकती हैं। एक क्लिक से आवेगशील खरीदारी करना आसान है, और बार-बार फूड डिलीवरी घर के बने खाने से कहीं अधिक महंगी हो सकती है। एक सरल ट्रिक है 24 घंटे का नियम – गैर-जरूरी वस्तुओं को खरीदने से पहले एक दिन इंतजार करें। साथ ही प्रमोशनल ईमेल से अनसब्स्क्राइब करना और बाहर खाने के लिए मासिक बजट सेट करना इन खर्चों को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है।
फ्री ट्रायल्स का जाल
एक सामान्य गलती है फ्री ट्रायल्स को कैंसल करना भूल जाना जो पेड सब्सक्रिप्शन में बदल जाते हैं। कई कंपनियां फ्री ट्रायल्स ऑफर करती हैं, लेकिन ट्रायल खत्म होने पर वे अपने आप चार्ज करना शुरू कर देती हैं। इससे बचने के लिए हमेशा बिलिंग साइकिल शुरू होने से पहले ट्रायल्स कैंसल करने के लिए रिमाइंडर सेट करें। आप वर्चुअल डेबिट कार्ड का उपयोग भी कर सकते हैं जो फ्री ट्रायल के बाद एक्सपायर हो जाएं ताकि अनपेक्षित चार्जेस से बचा जा सके।
इलेक्ट्रिसिटी बिल की छुपी हुई लागत
एक और छुपा हुआ खर्च जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज करते हैं वह है अनावश्यक एनर्जी उपयोग के कारण अधिक बिजली के बिल। उपकरणों को प्लग इन रखना, AC को लंबे समय तक चलाना या लाइट्स जलती छोड़ना आपके बिल को काफी बढ़ा सकता है। बिजली पर बचत के लिए उपयोग में न आने वाले डिवाइसेस को अनप्लग करें, एनर्जी-एफिशिएंट उपकरणों पर स्विच करें और पावर उपयोग को नियंत्रित करने के लिए टाइमर या स्मार्ट प्लग का उपयोग करें।
फाइनेंशियल लीकेज रोकने के प्रैक्टिकल उपाय
फाइनेंशियल लीकेज को रोकने के लिए सबसे पहले उनकी पहचान करना जरूरी है। अपने मासिक क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट और बैंक अकाउंट स्टेटमेंट को स्कैन करें। यदि कोई बैंक अकाउंट, डीमैट अकाउंट, क्रेडिट कार्ड आदि हैं जिनका आप अब उपयोग नहीं करते, तो उन्हें बंद करें।
विभिन्न सब्सक्रिप्शन प्लान के मामले में, आपको ऐप या वेबसाइट में अनसब्स्क्राइब करने का विकल्प मिलेगा। मैनेज सब्सक्रिप्शन सेक्शन में जाकर कैंसल करें। एक बार जब आप फाइनेंशियल लीकेज को पहचान लेते हैं और रोक देते हैं, तो आपको एहसास होगा कि आपके पास अपने वित्तीय लक्ष्यों की दिशा में निवेश करने के लिए अतिरिक्त पैसा है।
निष्कर्ष
यदि जल्दी पहचान नहीं की जाए तो फाइनेंशियल लीकेज लॉन्गटर्म में आपको बहुत अनावश्यक पैसा खर्च करा सकती है। चूंकि यह पैसा ऐसी सर्विसेज पर जा रहा है जिनका उपयोग नहीं हो रहा या जिनकी आवश्यकता नहीं है। जब आप फाइनेंशियल लीकेज की पहचान करते हैं और इसे रोकते हैं, तो आप पैसा बचाते हैं। बचाए गए पैसे को फिर वित्तीय लक्ष्यों की दिशा में मोड़ा जा सकता है ताकि उन्हें निर्धारित समय से पहले हासिल किया जा सके।
छोटे बदलाव करके आप बचत, निवेश या यहां तक कि एक सपनों के हॉलिडे के लिए अतिरिक्त पैसा फ्री कर सकते हैं। आज ही शुरुआत करें! अपने खर्चों का रिव्यु करें, अनावश्यक लागत को काटें और अपने वित्तीय भविष्य पर नियंत्रण पाएं।
*यह आर्टिकल केवल जानकारी के उद्देश्य के लिए है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर