नियमित निवेश करने वाले निवेशकों के सामने अक्सर सवाल होता है कि हर महीने ₹10,000 का निवेश PPF में किया जाए या इक्विटी म्यूचुअल फंड के SIP में। क्योंकि 15 साल की अवधि में दोनों से मिलने वाला अंतिम कॉर्पस काफी अलग हो सकता है। PPF में ब्याज दर पहले से तय होती है, इसलिए रिटर्न में अधिक निश्चितता रहती है, जबकि SIP का प्रदर्शन मार्केट पर निर्भर करता है और इसमें अधिक रिटर्न की संभावना के साथ जोखिम भी रहता है। टैक्स का असर भी अंतिम रकम को प्रभावित करता है।
आइए समझते हैं कि दोनों विकल्पों में रिटर्न, जोखिम और टैक्स के लिहाज से क्या अंतर है और 15 साल बाद कौन सा विकल्प बड़ा कॉर्पस बनाने की बेहतर संभावना रखता है।
₹10,000 महीने के निवेश पर PPF कितना बनाएगा?
अगर कोई निवेशक हर महीने ₹10,000 PPF में जमा करता है, तो 15 साल में उसका कुल निवेश ₹18 लाख होगा। मौजूदा 7.1% ब्याज दर को पूरे 15 साल के लिए स्थिर मानने पर उसका कॉर्पस लगभग ₹32.5 लाख हो जायेगा। PPF में मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी राशि इनकम टैक्स से मुक्त होने के कारण यह पूरी रकम निवेशक के पास रहती है।
यहां महत्वपूर्ण बात यह है कि 7.1% की दर को पूरे 15 साल तक स्थिर मानना केवल एक अनुमान है। PPF की ब्याज दर समय-समय पर बदली जा सकती है। फिलहाल जुलाई-सितंबर 2026 में PPF की ब्याज दर 7.1% प्रति वर्ष है और यह सालाना कंपाउंड होती है।
SIP में ₹10,000 लगाने पर तस्वीर कैसे बदलती है?
अगर यही ₹10,000 हर महीने इक्विटी म्यूचुअल फंड SIP में लगाया जाए, तो 15 साल में कुल निवेश फिर ₹18 लाख ही रहेगा। लेकिन अंतिम कॉर्पस मार्केट से मिलने वाले रिटर्न पर निर्भर करेगा। इसको हम अलग-अलग रिटर्न के उदाहरण के साथ समझते है।

15 साल में, ₹10,000 की मासिक SIP (12% रिटर्न पर) टैक्स के बाद ₹46.4 लाख का फंड देती है, जो PPF के ₹32.2 लाख से काफी ज़्यादा है।
8% सालाना रिटर्न की स्थिति में कॉर्पस लगभग ₹34.8 लाख बनता है। 12.5% लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स को ध्यान में रखने के बाद पोस्ट-टैक्स रकम लगभग ₹32.7 लाख रहती है। यानी इस स्थिति में PPF के मुकाबले अंतर बहुत कम है।
अगर SIP से 10% सालाना रिटर्न मिलता है, तो कॉर्पस लगभग ₹41.8 लाख और टैक्स के बाद लगभग ₹38.9 लाख हो सकता है। वहीं 12% सालाना रिटर्न पर कॉर्पस करीब ₹50.4 लाख और पोस्ट-टैक्स रकम लगभग ₹46.4 लाख तक पहुंच सकती है। इससे साफ है कि SIP का फायदा रिटर्न बढ़ने के साथ तेजी से बढ़ता है।
PPF बनाम SIP: असली अंतर कहां है?
इन आंकड़ों से एक महत्वपूर्ण बात सामने आती है। 8% SIP रिटर्न पर पोस्ट-टैक्स कॉर्पस लगभग ₹32.7 लाख है, जबकि PPF का कॉर्पस करीब ₹32.2-32.5 लाख है। यानी केवल 8% रिटर्न के अनुमान पर SIP की बढ़त बहुत छोटी रह जाती है। लेकिन 10% रिटर्न पर SIP लगभग ₹38.9 लाख और 12% पर करीब ₹46.4 लाख पोस्ट-टैक्स कॉर्पस दे सकता है।
इसलिए केवल संभावित अंतिम रकम देखकर PPF और SIP को समान निवेश प्रोडक्ट मानना सही नहीं होगा। PPF में रिटर्न की अपेक्षाकृत निश्चितता और टैक्स-फ्री मैच्योरिटी है, जबकि इक्विटी SIP में रिटर्न मार्केट से जुड़ा है और इसमें उतार-चढ़ाव हो सकता है। ज्यादा संभावित रिटर्न के साथ ज्यादा अनिश्चितता भी आती है।
निष्कर्ष
दिए गए आंकड़ों के आधार पर 15 साल की अवधि में SIP ज्यादा संपत्ति बनाने की क्षमता रखता है, लेकिन यह तभी स्पष्ट रूप से आगे निकलता है जब मार्केट से पर्याप्त रिटर्न मिले। 8% SIP रिटर्न पर PPF और SIP का पोस्ट-टैक्स अंतर लगभग नगण्य है, जबकि 10% और 12% रिटर्न पर अंतर काफी बढ़ जाता है।
इसलिए सवाल केवल यह नहीं है कि ₹10,000 PPF में लगाएं या SIP में। असली सवाल यह है कि निवेशक निश्चित और टैक्स-फ्री कॉर्पस को प्राथमिकता देता है या मार्केट के उतार-चढ़ाव को स्वीकार करके ज्यादा संभावित रिटर्न चाहता है। दिए गए आंकड़े बताते हैं कि PPF में स्थिरता मजबूत पक्ष है, जबकि SIP में लंबी अवधि में ज्यादा संपत्ति बनाने की संभावना उसका प्रमुख आकर्षण है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल एजुकेशनल और इंफॉर्मेशनल उद्देश्य के लिए है और यह इन्वेस्टमेंट एडवाइस या किसी भी सिक्योरिटीज को खरीदने या बेचने की रिकमेंडेशन नहीं है। यहाँ जिन कंपनियों का उल्लेख किया गया है, उन्हें मार्केट डेवलपमेंट्स के संदर्भ में केवल उदाहरण के रूप में बताया गया है। इन्वेस्टर्स को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी इन्वेस्टमेंट डिसीजन लेने से पहले अपनी खुद की रिसर्च करें और अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से परामर्श करें।
सिक्योरिटीज मार्केट में किए गए इन्वेस्टमेंट मार्केट जोखिम के अधीन होते हैं। इन्वेस्ट करने से पहले सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को ध्यानपूर्वक से पढ़ें।