भारतीय कैपिटल मार्केट में SMEs को बढ़ावा देने के लिए SME IPO प्लेटफॉर्म एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय में इस सेगमेंट में अत्यधिक उतार-चढ़ाव, फर्जी बिडिंग और लिस्टिंग के बाद खराब प्रदर्शन जैसी चुनौतियाँ सामने आई हैं।
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने SME IPO के लिए नए बिडिंग नियमों की घोषणा की है।
इस आर्टिकल में हम इन नए नियमों के मुख्य बदलाव, निवेशकों पर प्रभाव और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
क्या है मामला?
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने छोटे और मध्यम उद्यमों (SME) के लिए इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की बिडिंग प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। ये बदलाव 1 जुलाई 2025 से लागू होंगे, जिनका उद्देश्य SME IPO में पारदर्शिता, एफिशिएंसी और निवेशकों की सुरक्षा को ध्यान में रखना है।
नए नियमों के तहत, बिड प्रक्रिया को स्टैंडर्डाइज्ड और स्ट्रीमलाइन किया जाएगा ताकि केवल गंभीर और प्रतिबद्ध निवेशक ही भाग ले सकें। पुरानी और नई प्रणाली 30 जून 2025 तक शुरू होने वाले सभी SME IPO के लिए एक साथ काम करेंगी। यदि कोई देरी होती है, तो यह दोहरी प्रणाली 11 जुलाई 2025 तक चालू रहेगी। इसके बाद, 12 जुलाई 2025 से नया बिड सिस्टम सभी SME IPO के लिए अनिवार्य होगा।
नए नियम और बदलाव
NSE और BSE ने SME IPO बिड प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं, जो इस प्रकार है:
‘रिटेल’ अब ‘इंडिविजुअल इन्वेस्टर’: ‘रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर’ श्रेणी को ‘इंडिविजुअल इन्वेस्टर’ से बदल दिया गया है। इस नई परिभाषा के तहत, इंडिविजुअल इन्वेस्टर को कम से कम 2 लॉट (2 लाख रुपये से अधिक मूल्य) के लिए आवेदन करना होगा। यह पहले की तुलना में काफी अधिक है, जो छोटे निवेशकों को लक्षित करता था।
न्यूनतम बिड का साइज बढ़ा: क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NIIs) को भी 2 लॉट से अधिक के लिए आवेदन करना होगा। कर्मचारियों, शेयरधारकों और पॉलिसीधारकों के लिए भी न्यूनतम 2 लॉट (2 लाख रुपये से अधिक) और अधिकतम 5 लाख रुपये तक की सीमा निर्धारित की गई है।
कट-ऑफ प्राइस का विकल्प खत्म: अब निवेशकों को निर्धारित प्राइस पर बिड लगानी होगी, क्योंकि ‘कट-ऑफ प्राइस’ विकल्प को पूरी तरह से हटा दिया गया है, जिसके तहत निवेशक बिना प्राइस निर्दिष्ट किए बिड लगा सकते थे।
बिड में संशोधन या रद्दीकरण नहीं: एक बार बिड लगाने के बाद इसे रद्द या कम नहीं किया जा सकता। यह नियम सट्टा या जल्दबाजी में बिड लगाने की प्रवृत्ति को रोकेगा।
अंतिम दिन की समय-सीमा: सभी श्रेणियों के लिए बिड का अंतिम दिन 4:00 बजे समाप्त होगा, और UPI मंजूरी (मैंडेट) को अंतिम दिन शाम 5:00 बजे तक पूरा करना होगा।
ये बदलाव सट्टेबाजी को कम करने और केवल गंभीर निवेशकों को आकर्षित करने के लिए किए गए हैं।
यह बदलाव क्यों था जरुरी?
भारत का SME IPO मार्केट पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। 2024 में 240 से अधिक SME कंपनियों ने लिस्टिंग की, जो 2023 (182) और 2022 (109) के मुकाबले काफी अधिक है। यह ट्रेंड 2025 में भी जारी है, जहाँ मई तक 73 से अधिक SME IPO के DRHP दायर किए जा चुके हैं। यह वृद्धि दिखाती है कि छोटे और मध्यम उद्यम (SME) अब पूंजी जुटाने के लिए पब्लिक मार्केट्स का रुख कर रहे हैं।

2012 से SME IPO ने सिर्फ 14 की संख्या से 2024 तक 240 पब्लिक इश्यु का सफर तय किया है।
हालाँकि, यह उछाल पूरी तस्वीर नहीं दिखाता है। प्राइम डेटाबेस के आँकड़े बताते हैं कि 2024 में लिस्ट हुए 75 SME IPO तीन महीने बाद अपने इश्यू प्राइस से नीचे ट्रेड कर रहे थे। इसके अलावा, 93 IPO में शेयर की प्राइस 20% से अधिक गिर गईं, और 23 IPO में तो प्राइस 50% से भी नीचे आ गईं। यह दर्शाता है कि SME IPO में निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है।
सिर्फ इतना ही नहीं, NSE इमर्ज के आँकड़े भी बताते हैं, कि लगभग 50% SME शेयर लिस्टिंग के छह महीने बाद भी अपने इश्यू प्राइस से नीचे ही ट्रेड करते हैं।
निवेशकों के लिए इसमें क्या है?
निवेशकों के लिए ये नए नियम कई मायनों में महत्वपूर्ण हैं। न्यूनतम 2 लाख रुपये की बिड राशि का नियम छोटे निवेशकों की भागीदारी को सीमित कर सकता है, क्योंकि यह पहले की तुलना में अधिक निवेश की मांग करता है। यह कदम सट्टा निवेश को कम करने और केवल वित्तीय रूप से सक्षम निवेशकों को शामिल करने के लिए उठाया गया है।
हालांकि, यह छोटे निवेशकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, जो अब तक कम राशि के साथ SME IPO में भाग लेते थे। दूसरी ओर, कट-ऑफ प्राइस और बिड संशोधन/रद्दीकरण को हटाने से प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। निवेशकों को अब अपनी बिड सावधानी से चुननी होगी, क्योंकि बाद में बदलाव संभव नहीं होगा।
भविष्य की बातें
नए नियम SME IPO मार्केट को और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक कदम हैं, लेकिन छोटे निवेशकों की भागीदारी कम हो सकती है।
उदाहरण के लिए, हाल ही में रिसोर्सफुल ऑटोमोबाइल्स, एक छोटी बाइक डीलरशिप कंपनी, जिसके पास केवल दो शोरूम और आठ कर्मचारी थे, ने 12 करोड़ रुपये के IPO के लिए 4,768.88 करोड़ रुपये की बिड प्राप्त की थीं। ऐसे मामलों ने रेगुलेटर और एक्सचेंज को नियमों को कड़ा करने के लिए प्रेरित किया।
मिंट के अनुसार, एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये नियम SME IPO को ‘रेगुलेटरी सैंडबॉक्स’ से बाहर निकालकर उच्च मानकों की ओर ले जाएंगे। भविष्य में, यह संभावना है कि SME IPO मार्केट और अधिक संरचित और पारदर्शी होगा, जिससे लॉन्गटर्म निवेशकों को फायदा होगा।
*आर्टिकल में शामिल कंपनियों के नाम केवल सूचना के उद्देश्य के लिए है। यह निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर