NSE द्वारा 4 नए इंडेक्स लॉन्च हो चुके है, जो अलग-अलग सेक्टर्स पर फोकस करेंगे। जानिए इन इंडेक्स में किन कंपनियों को शामिल किया जाएगा।
भारतीय शेयर बाजार में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए एक अच्छी खबर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने 8 अप्रैल में चार नए इंडेक्स लॉन्च कर दिए है। ये नए इंडेक्स न केवल निवेशकों को मार्केट के अलग-अलग सेक्टर्स ट्रैक करने में मदद करेंगे बल्कि निवेश रणनीति बनाने में भी मददगार साबित होंगे।
तो आइए, इन नए इंडेक्स के बारे में विस्तार से समझते हैं।
क्यों जरूरी हैं ये नए इंडेक्स
आम तौर पर निवेशक मार्केट के पूरे प्रदर्शन को ट्रैक करने के लिए निफ़्टी 50 और सेंसेक्स जैसे बड़े इंडेक्स पर नजर रखते हैं। लेकिन, कई बार निवेशक किसी खास सेक्टर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं। ऐसे में ये नए सेक्टर-स्पेसिफिक इंडेक्स उन्हें सीधा उस सेक्टर प्रदर्शन का अंदाजा लगाने में मदद करेंगे। साथ ही, इन इंडेक्स की मदद से निवेशक उस सेक्टर की कंपनियों की तुलनात्मक रूप से परख भी कर सकेंगे।
कौन – कौन से इंडेक्स हो रहे है लॉन्च?
- निफ्टी टाटा ग्रुप 25% कैप
- निफ्टी500 मल्टी कैप इंडिया मैन्युफैक्चरिंग 50:30:20
- निफ्टी500 मल्टी कैप इंफ्रास्क्रक्चर 50:30:20
- निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर
1) निफ्टी टाटा ग्रुप 25 प्रतिशत कैप
यह इंडेक्स उन कंपनियों के प्रदर्शन को प्रदर्शित करेगा, जो NSE पर लिस्टेड हैं और टाटा समूह से संबंधित हैं। यह इंडेक्स टाटा ग्रुप की उन 10 कंपनियों को ट्रैक करेगा जिनका मार्केट वैल्यू पूरे ग्रुप के 25 फीसदी के बराबर है।
इस इंडेक्स की खास बात ये है कि किसी भी कंपनी का भार 25 फीसदी से ज्यादा नहीं होगा। निफ्टी टाटा ग्रुप 25 परसेंट कैप इंडेक्स में अभी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), टाटा मोटर्स, टाइटन कंपनी और टाटा स्टील जैसी कंपनियां शामिल हैं। इनमें से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का भार सबसे ज्यादा, 24.53 फीसदी है।
सिर्फ इतना ही नहीं, मिंट के अनुसार NSE का कहना है कि निफ्टी टाटा ग्रुप 25 प्रतिशत कैप ने अपनी स्थापना के बाद से अब तक 17.34% का रिटर्न दिया है।
2) निफ्टी 500 मल्टीकैप भारत मैन्युफैक्चरिंग 50:30:20
यह इंडेक्स निफ्टी 500 इंडेक्स के चुनिंदा शेयर्स के प्रदर्शन को ट्रैक करेगा जो मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रतिनिधित्व करते हैं। इंडेक्स में शामिल कंपनियों का भार 50% लार्ज कैप, 30% मिड कैप और 20%स्मॉल कैप होगा।
मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों पर केंद्रित इस इंडेक्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा होंगे। इस इंडेक्स में कुल 75 कंपनियां शामिल होंगी।
3) निफ्टी 500 मल्टीकैप इंफ्रास्ट्रक्चर 50:30:20
यह इंडेक्स निफ्टी 500 इंडेक्स में से इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से संबधित विशेष रूप से चुने गए लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप वाले शेयरों के प्रदर्शन को प्रदर्शित करेगा। इस इंडेक्स में कुल 75 कंपनियों के स्टॉक शामिल होंगे और यह फ्री-फ्लोट मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर शेयरों को भार आवंटित करेगा।
जहां बड़े लार्जकैप सेगमेंट का भार 50%, मिडकैप सेगमेंट का 30% और स्मॉलकैप सेगमेंट का 20% होगा। इस इंडेक्स के शीर्ष 10 कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, NTPC, मैक्स हेल्थकेयर, पावर ग्रिड कॉर्प, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडियन होटल्स, ONGC और अडानी पोर्ट्स और SEZ शामिल हैं।
4) निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर
यह इंडेक्स खासतौर पर हेल्थकेयर सेक्टर की मिड कैप और स्मॉल कैप कंपनियों पर नजर रखेगा। इससे निवेशकों को इस तेजी से बढ़ते हुए सेक्टर को ट्रैक करने में आसानी होगी।
इस इंडेक्स में अधिकतम 30 कंपनियां शामिल हो सकती हैं और इन कंपनियों को “निफ्टी मिडस्मॉलकैप 400” इंडेक्स से लिया गया है। चुनाव का आधार पिछले छह महीनों का औसत फ्लोट मार्केट कैपिटलाइजेशन है।
सबसे अहम बात ये है कि लॉन्च के बाद से अब तक इस इंडेक्स ने 21.33% का रिटर्न दिया है। मैक्स हेल्थकेयर, ल्यूपिन, अरबिंदो फार्मा और अल्केम लेबोरेटरीज जैसी कंपनियां इस इंडेक्स की प्रमुख हिस्सेदार हैं। जिसमें 14.26% भार के साथ मैक्स हेल्थकेयर का सर्वाधिक भार है।
अंत में, फाइनेंशियल एक्सप्रेस के अनुसार, NSE का कहना है कि यह चारों इंडेक्स फंड मैनेजर को अपने फंड्स के प्रदर्शन की तुलना करने के लिए बेंचमार्क के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही, ये इंडेक्स फंड्स, एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETF) और स्ट्रक्चर्ड प्रोडक्ट्स को लॉन्च करने का आधार भी बन सकते हैं।
आज के लिए सिर्फ इतना ही। उम्मीद करते है कि यह आर्टिकल आपको रोचक लगा होगा, इसे अपने दोस्तों के साथ शेयर करना न भूले।
*आर्टिकल में शामिल कंपनियों के नाम केवल सूचना के उद्देश्य के लिए है। यह निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर