भारत में टेलीकॉम सेक्टर आज देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था की आवश्यकता बन गया है। यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम नेटवर्क है, जो अरबों लोगों को जोड़ता है और उन तक डिजिटल सर्विसेज की पहुंच आसान बनाता है। आर्थिक विकास, नीतिगत सहायता और बढ़ती जनसंख्या की डिमांड के कारण यह सेक्टर निरंतर विकसित हो रहा है।
आइए इस आर्टिकल में समझते है कि भारतीय टेलीकॉम की वर्तमान स्थिति क्या है और निवेशक भविष्य में क्या उम्मीद रख सकते हैं।
भारतीय टेलीकॉम मार्केट की वर्तमान स्थिति
भारत आज विश्व का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम मार्केट और इंटरनेट यूज़र्स के मामले में भी दूसरे स्थान पर है। यह अब सिर्फ कम्युनिकेशन का माध्यम नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का प्रमुख स्तंभ बन चुका है।
किफायती टैरिफ, तेज़ मोबाइल पेनिट्रेशन, और बढ़ती डिजिटल डिमांड, इन सभी ने इस विस्तार में योगदान दिया है। ग्रॉस रेवेन्यू FY24 में $39.22 बिलियन से बढ़कर FY25 में $43.42 बिलियन हो गया। सितंबर 2025 के अंत तक, देश की टेलीडेंसिटी 86.65% तक पहुंच गई, और टेलीफोन सब्सक्राइबर्स की कुल संख्या 1.22 बिलियन थी, जिनमें से 1.18 बिलियन वायरलेस यूज़र्स थे।
TRAI के अनुसार, सितंबर 2025 के अंत तक ब्रॉडबैंड इंटरनेट सब्सक्राइबर्स की संख्या बढ़कर 995.63 मिलियन हो गई, जो अगस्त 2025 में 989.58 मिलियन से 0.61% की मासिक वृद्धि दर्शाती है। इन 995.63 मिलियन सब्सक्राइबर्स में से 951.23 मिलियन वायरलेस और 44.40 मिलियन वायर्ड कनेक्शन्स थे। पिछले दशक में, ब्रॉडबैंड सब्सक्रिप्शन्स CY16 में 149.75 मिलियन से बढ़कर सितंबर 2025 में 995.63 मिलियन हो गए हैं, जो भारत के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की गति और सेक्टर की मजबूत ग्रोथ को उजागर करता है।
मोबाइल ग्राहकों की संख्या में लगातार वृद्धि
सितंबर 2025 में, भारत में मोबाइल (वायरलेस) यूज़र्स की संख्या बढ़कर 1.17 बिलियन हो गई, जबकि अगस्त 2025 में यह 1.16 बिलियन थी, जो 0.29% की मासिक ग्रोथ दर्शाती है।

भारत में मोबाइल ग्राहकों की संख्या अगस्त 2025 के 1,167.03 मिलियन से बढ़कर सितम्बर 2025 में 1,170.44 मिलियन हो गई।
शहरी इलाकों में, सब्सक्राइबर बेस 638.49 मिलियन से बढ़कर 640.17 मिलियन हो गया, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह 528.54 मिलियन से बढ़कर 530.27 मिलियन हो गया, जो क्रमशः 0.26% और 0.33% की ग्रोथ है।
यह आंकड़े दर्शाते हैं कि भारत में डिजिटल पहुंच निरंतर बढ़ रही है, और मोबाइल कनेक्टिविटी शहरी-ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विस्तार कर रही है, जिससे डिजिटल भारत का लक्ष्य और मजबूत हो रहा है।
भारतीय टेलीकॉम सेक्टर की प्रगति के मुख्य ग्रोथ ड्राइवर्स
बढ़ती आय और ग्रामीण मार्केट का विस्तार: भारत की तेज़ आर्थिक वृद्धि और मध्यम वर्ग की आय में बढ़ोतरी ने मोबाइल और इंटरनेट सर्विसेज की डिमांड को कई गुना बढ़ा दिया है।
बढ़ता विदेशी निवेश: सरकार ने FDI लिमिट को 74% से बढ़ाकर 100% किया है, जिससे विदेशी निवेश को और बल मिला है। अप्रैल 2000 से दिसंबर 2024 तक इस सेक्टर में US$ 40.03 बिलियन (₹2,40,778 करोड़) का FDI इनफ्लो हुआ।
बढ़ता इंटरनेट का उपयोग: भारत की इंटरनेट इकॉनमी 2030 तक US$ 1 ट्रिलियन तक पहुंचने का अनुमान है, जिसमें US$ 325 बिलियन का योगदान ई-कॉमर्स सेक्टर से होगा, जिससे भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ई-कॉमर्स मार्केट बनेगा।
युवाओं और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की भूमिका: भारत की युवा आबादी डिजिटल बदलाव का सबसे बड़ा प्रेरक है। स्मार्टफोन, AI, IoT और क्लाउड टेक्नोलॉजी जैसी नई तकनीकों ने इस सेक्टर को न केवल कम्युनिकेशन बल्कि डिजिटल इकॉनमी की रीढ़ बना दिया है।
इन सभी ड्राइवर्स के कारण भारत का टेलीकॉम सेक्टर न सिर्फ देश की अर्थव्यवस्था का अहम इंजन बन गया है, बल्कि ग्लोबल स्तर पर डिजिटल लीडरशिप की दिशा में भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
भारतीय टेलीकॉम सेक्टर में सरकारी नीति का सहयोग
PM-WANI पहल के तहत विस्तार: 30 जून 2025 तक देशभर में 3,33,300 PM-WANI वाई-फाई हॉटस्पॉट्स स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी में तेजी आई है।
100% विदेशी निवेश की अनुमति: भारत सरकार ने टेलीकॉम सेक्टर में ऑटोमैटिक रूट के माध्यम से 100% विदेशी भागीदारी की अनुमति दी है, जिससे अंतरराष्ट्रीय निवेश को प्रोत्साहन मिला है।
राष्ट्रीय टेलीकॉम नीति 2025 (NTP-25): इसका लक्ष्य 2030 तक 100% 4G कवरेज और 90% 5G पॉपुलेशन कवरेज हासिल करना है, जिससे भारत की डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और समावेशन (inclusion) को नई ऊंचाई मिलेगी।
बजट 2025-26 आवंटन: टेलीकॉम और IT विभाग को ₹81,005.24 करोड़ (US$ 9.27 बिलियन) का बजट आवंटन किया गया है, जिससे इस सेक्टर में इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन को बल मिलेगा।
मार्केट संरचना और प्रमुख प्लेयर्स
भारतीय टेलीकॉम मार्केट में तीन प्रमुख प्राइवेट ऑपरेटर और एक सरकारी ऑपरेटर हैं। वायरलेस (मोबाइल) सब्सक्राइबर्स के डेटा के अनुसार, रिलायंस जियो का मार्केट हिस्सा 41.08% है, भारती एयरटेल का 33.59%, वोडाफोन आइडिया का 17.44% और BSNL+MTNL का 7.89% है।

भारतीय टेलीकॉम मार्केट में रिलायंस जियो 41 हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर है, जबकि भारती एयरटेल दूसरे स्थान पर है।
मार्केट संरचना में महत्वपूर्ण बदलाव देखा गया है। FY13 में 10 से अधिक ऑपरेटर थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर सिर्फ चार मुख्य ऑपरेटर रह गई है। इस का मुख्य कारण FY17 में जियो का प्रवेश था, जिसके एक्सपेंशन ने अन्य ऑपरेटर्स को मार्केट छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
भविष्य की संभावनाएं
भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ रही है और 2029-30 तक यह देश की राष्ट्रीय आय का 20% हिस्सा बनने की उम्मीद है, जबकि FY25 में इसका योगदान लगभग 13.42% रहने का अनुमान है। इस ग्रोथ को IT, टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की मजबूत ग्रोथ आगे बढ़ा रही है।
भारत का 5G सब्सक्राइबर बेस भी तेज़ी से बढ़ते हुए 2024 के 290 मिलियन से 2030 तक 980 मिलियन तक पहुंचने का अनुमान है, वहीं प्रति स्मार्टफोन औसत डेटा उपयोग बढ़कर 62 GB प्रति माह तक पहुंच सकता है।
इसके साथ ही, भारत का लक्ष्य FY26 तक US$ 126 बिलियन मूल्य के मोबाइल फोन की मैन्युफैक्चरिंग करने का है, जिससे देश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित किया जा सके। इसके अलावा, भारत की भारत 6G अलायंस और यूरोपीय टेलीकॉम इंडस्ट्री ऑर्गेनाइज़ेशन के बीच प्रस्तावित साझेदारी 6G तकनीक के विकास में सहयोग को नई दिशा देगी और भारत की डिजिटल क्षमता को ग्लोबल स्तर पर सशक्त बनाएगी।
*आर्टिकल में शामिल कंपनियों के नाम केवल सूचना के उद्देश्य के लिए है। यह निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर