भारत की रिटेल इंडस्ट्री एक ऐसे दौर में प्रवेश कर चुकी है जहाँ स्केल, टेक्नोलॉजी और कंजम्पशन तीनों मिलकर एक नई ग्रोथ कहानी लिख रहे हैं। भारत 2025 में 8% GDP ग्रोथ के साथ दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज बढ़ने वाली इकोनॉमी बना हुआ है और 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। यह मैक्रो स्ट्रेंथ सीधे प्राइवेट कंजम्पशन में दिखाई दे रही है, जो रिटेल ग्रोथ का सबसे बड़ा इंजन है।
आइए भारतीय रिटेल इंडस्ट्री के इस रोमांचक आउटलुक को समझें।
क्या है मामला?
BCG और इंडियन एसोसिएशन ऑफ़ रिटेल की सयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, भारत का रिटेल मार्केट 2015 में लगभग ₹35-40 ट्रिलियन था, जो 2025 में बढ़कर ₹90-95 ट्रिलियन हो चुका है और 2035 तक ₹210-215 ट्रिलियन के स्तर को पार करने की उम्मीद है। यानी एक दशक में यह मार्केट दोगुने से भी अधिक साइज ले सकता है।

भारत में आर्थिक वृद्धि का बड़ा हिस्सा कंजम्पशन से आ रहा है। 2015 से 2025 के बीच भारत का कंजम्पशन CAGR 10.6% रहा, जो शीर्ष पाँच अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है। 2025 से 2035 के बीच भी कंजम्पशन ग्रोथ 7.7% रहने का अनुमान है।
इसके साथ ही, कंजम्पशन का पैटर्न भी बदल रहा है। 2015 में कुल कंजम्पशन लगभग ₹80 ट्रिलियन था, जो 2025 में ₹220 ट्रिलियन और 2035 तक ₹600 ट्रिलियन तक पहुंचने का अनुमान है। स्टेपल्स और नेसेसिटी का हिस्सा 2015 में 45% था, जो 2035 तक घटकर 37% हो सकता है। वहीं डिस्क्रेशनरी और सर्विसेज सेगमेंट तेज़ी से बढ़ रहे हैं। 2015-25 के दौरान डिस्क्रेशनरी ग्रोथ 12.3% और सर्विसेज ग्रोथ 11% रही, जबकि 2025-35 के लिए भी दोनों सेगमेंट लगभग 10-11% CAGR से बढ़ने की उम्मीद है।
संगठित रिटेल: ग्रोथ, चुनौतियाँ और बदलाव
संगठित रिटेल ने ऐतिहासिक रूप से अंडरलाइंग कैटेगरी ग्रोथ से बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन हाल के वर्षों में यह बढ़त कम होती दिखी है, खासकर ऑफलाइन रिटेल में। 2019 से 2025 के बीच कई वर्षों में ऑर्गनाइज्ड रिटेल की ग्रोथ और अंडरलाइंग मार्केट ग्रोथ का अंतर घटा है, जो रीइंवेंशन की जरूरत को दर्शाता है।
ऑनलाइन प्लेयर्स ने इनोवेशन और स्केल के दम पर बढ़त बनाए रखी, जबकि ऑफलाइन रिटेल को माइक्रोमार्केट सैचुरेशन और प्राइस पोजिशनिंग जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
फिर भी, ऑफलाइन रिटेल संरचनात्मक रूप से कैश जनरेटिव बना हुआ है। FY20 से FY25 के बीच ऑफलाइन रिटेलर्स में कैश जेनरेशन 50% से अधिक बढ़ी है। वहीं ऑनलाइन रिटेलर्स ने FY20-25 के दौरान 80% तक कैश बर्न में कमी की है और कई कंपनियाँ ब्रेक-ईवन के करीब पहुंच गई हैं। यह संकेत देता है कि मार्केट में स्केल के साथ-साथ ऑपरेटिंग एफिशिएंसी भी सुधर रही है।
AI और एजेंटिक कॉमर्स
रिपोर्ट बताती है कि रिटेल का अगला दशक AI-ड्रिवन होगा। लगभग 42% शहरी अमेरिकी उपभोक्ता GenAI टूल्स का उपयोग कर चुके हैं और 46% उपभोक्ता AI की प्रोडक्ट रिकमेंडेशन पर दोस्तों से अधिक भरोसा करते हैं। रिटेल वेबसाइट्स पर AI ट्रैफिक 47 गुना बढ़ा है।
भारत में इंटरनेट एडॉप्शन का इतिहास बताता है कि जैसे ही टेक्नोलॉजी सुलभ और किफायती होती है, उसका तेजी से विस्तार होता है। यही ट्रेंड GenAI और एजेंटिक कॉमर्स में भी देखने को मिल सकता है।
AI-लेड फंक्शनल ट्रांसफॉर्मेशन से 40-60% तक एफिशिएंसी अनलॉक हो सकती है, जबकि पारंपरिक यूज़-केस आधारित बदलाव से केवल 10-15% सुधार मिलता है।
मर्चेंडाइजिंग में GenAI के उपयोग से 20-40% तेज डिजाइन साइकल, 40% समय की बचत और 100-300 बेसिस पॉइंट तक प्रॉफिट अपसाइड संभव है।
निवेशकों के लिए इसमें क्या है?
निवेशकों के लिए भारत का 210-215 ट्रिलियन रुपये का यह रिटेल मार्केट अवसरों की एक खान है। एफ्लुएंट्स और एस्पायरर्स कंजम्पशन ग्रोथ में 55% से अधिक का योगदान देंगे। शहरीकरण के कारण टियर 2-4 शहरों से 30% से अधिक की ग्रोथ आने की उम्मीद है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि GenZ कंज्यूमर स्पेंडिंग 2035 तक 180 ट्रिलियन रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही, क्विक कॉमर्स का मार्केट भी तेजी से बढ़ रहा है और 2030 तक इसके 3-4 ट्रिलियन रुपये तक पहुंचने की संभावना है। जो कंपनियां इन डेटा पॉइंट्स के आधार पर अपनी स्ट्रेटेजी बनाएंगी, वे लंबी अवधि में प्रॉफिटेबल ग्रोथ का आनंद ले सकेंगी।
भविष्य की बातें
रिटेल लीडर्स का मानना है कि अवसर पर्याप्त है, लेकिन ‘सबके लिए सब कुछ’ बनने की रणनीति काम नहीं करेगी। स्पष्ट ‘व्हेयर टू प्ले’ (where to play) विकल्प, टेक्नोलॉजी एम्बेडिंग और AI-फर्स्ट अप्रोच ही भविष्य तय करेंगे।
रिपोर्ट पाँच प्रमुख इम्पेरेटिव्स बताती है, स्पष्ट पोजिशनिंग, ऑनलाइन-फर्स्ट प्रीमियम जर्नी, AI-ड्रिवन एजेंट एक्सपीरियंस, टैलेंट और गवर्नेंस का पुनर्निर्माण, और शॉपर जर्नी में AI एम्बेडिंग।
भारत का रिटेल मार्केट अब केवल ग्रोथ स्टोरी नहीं, बल्कि ट्रांसफॉर्मेशन स्टोरी है। 2035 तक ₹210 ट्रिलियन का लक्ष्य केवल डिमांड से नहीं, बल्कि स्ट्रैटेजिक चॉइस, टेक्नोलॉजी और ऑपरेटिंग मॉडल में बदलाव से हासिल होगा। जो कंपनियां आज से खुद को AI-रेडी, फोकस्ड और एफिशिएंट बनाएंगे, वही इस दशक की सबसे बड़ी कंजम्पशन लहर का लाभ उठा पाएंगी।
*यह आर्टिकल केवल जानकारी के उद्देश्य के लिए है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर