आपकी सैलरी या व्यापार से होने वाली कमाई के अलावा, नियमित रूप से आपके बैंक खाते में अतिरिक्त पैसा आता रहे, तो अच्छा लगता है ना? ऐसा स्टॉक्स में निवेश करके किया जा सकता है। ये शेयर न सिर्फ समय के साथ आपके कैपिटल को बढ़ाते हैं बल्कि बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के नियमित आमदनी भी देते हैं। सुनने में अच्छा लगता है ना? और है भी!
अगर आप नियमित आय का एक और जरिया चाहते हैं जो आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाए और आपकी जीवनशैली को बेहतर बनाए, तो आपको डिविडेंड निवेश के बारे में सोचना चाहिए। डिविडेंड निवेश पैसिव इनकम का एक तरीका है जिस पर गौर किया जा सकता है।
डिविडेंड निवेश क्या है?
डिविडेंड निवेश एक ऐसी निवेश रणनीति है जहाँ आप उन कंपनियों के शेयर खरीदते हैं जो आपको नियमित रूप से डिविडेंट (लाभ का एक हिस्सा) देती हैं। जिसका लक्ष्य पैसिव इनकम का एक विश्वसनीय प्रवाह बनाना है। यह कमाई आपके स्टॉक प्राइस बढ़ने के साथ मिलकर आपको आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है और आपके भविष्य के लक्ष्य, जैसे कि रिटायरमेंट में नियमित आमदनी, हासिल करने में मदद करती है।
इसे प्राप्त करने के लिए, निवेशक हाई डिविडेंट यील्ड वाली स्थिर, स्टेबल कंपनियों को टारगेट करते हैं।
स्ट्रॉन्ग डिविडेंड देने वाले शेयर कैसे पहचाने?
आप निम्नलिखित तरीकों से बेहतर डिविडेंड देने वाले शेयरों की पहचान कर सकते हैं:
(क) हाई डिविडेंट यील्ड वाले शेयर: डिविडेंट यील्ड उस डिविडेंट को मापता है जो एक कंपनी अपने शेयर प्राइस के सापेक्ष देती है। उच्च डिविडेंट यील्ड वाले शेयर डिविडेंड के रूप में शेयरधारकों को बेहतर रिटर्न प्रदान करते हैं। ये स्टॉक न केवल ट्रेडिशनल बचत खातों से अधिक रिटर्न देते हैं बल्कि कंपनी के फंडामेंटल सुधार के साथ वैल्यू में भी वृद्धि करते हैं।
(ख) स्थिर इंडस्ट्री वाली कंपनियां: डिविडेंड के लिए आप उन कंपनियों को चुन सकते हैं जो पहले से ही स्थिर पोजीशन में हैं, जैसे FMCG या दवा बनाने वाली कंपनियां। ये कंपनियां लंबे समय से चल रहीं हैं और बाजार में अच्छी तरह से जमी हुई हैं, इसलिए मुनाफा कमाने में सक्षम रहती हैं। ऐसी कंपनियों को ज्यादा पैसा लगाने की जरूरत नहीं होती, इसलिए वो अपने मुनाफे का एक हिस्सा डिविडेंड के तौर पर शेयरधारकों में बांट देती हैं।
(ग) विशेष डिविडेंड देने वाली कंपनियां: कुछ कंपनियां कभी-कभी खास मौकों या उपलब्धियों पर विशेष डिविडेंड देती हैं। इन डिविडेंड का फायदा तो मिलता है, लेकिन ध्यान रखें कि ये सिर्फ एक बार का फायदा हो सकता है। इसलिए किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी पूरी स्थिति को समझना जरूरी है।
डिविडेंड इनकम के फायदे:
डिविडेंड निवेश के कई फायदे हैं, जिनमें शामिल हैं:
(क) पैसिव इनकम का स्रोत: डिविडेंड से होने वाली कमाई आपकी मुख्य कमाई के साथ मिलकर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है और आपकी जीवनशैली को बेहतर बना सकती है। यहां तक कि यह आपकी मुख्य कमाई के बराबर या उससे ज्यादा भी हो सकती है।
(ख) कम जोखिम: डिविडेंड आपके निवेश किए गए पूंजी का एक हिस्सा वापस लौटा देता है, जिससे जोखिम कम हो जाता है। साथ ही, शेयरों की कीमतों के उतार-चढ़ाव की तुलना में डिविडेंड मार्केट की अस्थिरता से कम प्रभावित होता है।
(ग) कंपनी की एफिशिएंसी का माप: लगातार डिविडेंड देने वाली कंपनी आमतौर पर आर्थिक रूप से मजबूत होती है और उसकी आमदनी स्थिर रहती है। इनके प्रोडक्ट्स या सर्विसेज की मांग भी अच्छी होती है। इससे शेयरधारकों का भरोसा बढ़ता है और भविष्य में शेयरों की कीमतें बढ़ने की संभावना रहती है।
(घ) टाइम वैल्यू ऑफ मनी: डिविडेंड से आपको सीधे तौर पर नकदी प्राप्त होती है, जिसे आप तुरंत इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे महंगाई का असर कम होता है और आपकी परचेसिंग पावर बची रहती है।
लंबे समय के लिए पैसा बनाने की रणनीतियाँ:
डिविडेंड निवेश के जरिए लंबे समय के लिए पैसा बनाने के लिए आप ये तरीके अपना सकते हैं:
(क) हाई डिविडेंट वाले शेयरों में SIP: नियमित रूप से उन शेयरों में पैसा लगाएं जो ज्यादा डिविडेंड देते हैं। इससे आपकी डिविडेंड की कमाई धीरे-धीरे बढ़ती रहेगी।
(ख) डिविडेंड को फिर से निवेश करना: मिले हुए डिविडेंड को दोबारा शेयर खरीदने में लगा दें। इससे आपके शेयरों की संख्या बढ़ेगी और भविष्य में आपको और ज्यादा डिविडेंड मिलेगा। इस तरह आपका पैसा अपने आप बढ़ता रहेगा।
(ग) म्यूच्यूअल फंड का रास्ता: आप डिविडेंड देने वाले म्यूच्यूअल फंड में भी निवेश कर सकते हैं। इससे आपको नियमित रूप से डिविडेंड मिलता रहेगा। हालांकि, डिविडेंड पर लगने वाले टैक्स के बारे में जानकारी जरूर रखें।
याद रखें, डिविडेंड मिलने की घोषणा के बाद कभी-कभी शेयरों की कीमतें थोड़ी कम हो सकती हैं। लेकिन लंबे समय के लिए निवेश करने से आपको अच्छा फायदा हो सकता है। डिविडेंड से होने वाली कमाई आपकी मुख्य कमाई से भी ज्यादा हो सकती है। अगर आप सही तरीके से पैसा लगाते हैं और टैक्स आदि की जानकारी रखते हैं, तो डिविडेंड निवेश से आप अच्छा खासा पैसा कमा सकते हैं। डिविडेंड निवेश की रणनीति अपनाकर आप मजबूत आर्थिक स्थिति बना सकते हैं!
*यह आर्टिकल केवल जानकारी के उद्देश्य के लिए है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर
यह आर्टिकल मुख्य रूप से डेक्कन हेराल्ड के लिए लिखा गया है, जिसे आप लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते है।