भारत में कंजम्पशन का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और इस बदलाव के केंद्र में ई-कॉमर्स खड़ा है। डिजिटल टेक्नोलॉजी, स्मार्टफोन उपयोग और ऑनलाइन पेमेंट्स के विस्तार ने खरीदारी के पारंपरिक तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है। आज उपभोक्ता केवल ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी एक माध्यम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच आसानी से स्विच करते हैं।
नई डिजिटल आदतों के कारण शॉपिंग जर्नी अब ‘क्लिक्स और ब्रिक्स’ के मिश्रण में बदल गई है, जहाँ ग्राहक पहले ऑनलाइन जानकारी जुटाते हैं और फिर ऑफलाइन खरीदारी करते हैं, या कई बार सीधे ऑनलाइन ऑर्डर दे देते हैं। इस ट्रेंड ने ई-कॉमर्स को भारत के कंजम्पशन इकोसिस्टम का एक अहम हिस्सा बना दिया है।
आइए समझते है कि भारतीय ई-कॉमर्स सेक्टर किस बदलाव के दौर से गुजर रहा है और निवेशको के लिए क्या मायने मार्खता है।
क्या है मामला?
BCG के अनुसार, वर्तमान में भारत का ई-कॉमर्स मार्केट का कुल $120-140 बिलियन के आसपास है, जिसमें लगभग $75-85 बिलियन ई-रिटेल और $45-55 बिलियन ई-सर्विसेज का योगदान है। 2030 तक ई-रिटेल के $170-180 बिलियन और ई-सर्विसेज के $120-130 बिलियन तक पहुंचने की संभावना है।
ई-कॉमर्स का दायरा केवल ऑनलाइन प्रोडक्ट खरीदने तक सीमित नहीं है। इसमें ई-रिटेल और ई-सर्विसेज दोनों शामिल होते हैं। ई-रिटेल में मोबाइल, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान जैसे प्रोडक्ट्स आते हैं, जबकि ई-सर्विसेज में ट्रैवल बुकिंग, मूवी टिकट, ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन और इंश्योरेंस जैसी सेवाएं शामिल होती हैं।
हालांकि यह वृद्धि तेज है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि 2030 तक भी ई-कॉमर्स भारत के कुल कंजम्पशन का केवल 7-8% ही रहेगा। इसका मतलब है कि इस क्षेत्र में अभी भी भारी ग्रोथ की संभावना बनी हुई है।
दूसरी ओर, ऑफलाइन रिटेल भी मजबूत बना हुआ है और पिछले चार वर्षों में लगभग 13-14% वार्षिक वृद्धि दर्ज कर चुका है। यही कारण है कि भारत में भविष्य का रिटेल मॉडल केवल ऑनलाइन नहीं बल्कि ओम्नीचैनल मॉडल होगा, जहाँ ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मिलकर काम करेंगे।
बदलता उपभोक्ता व्यवहार और नए ई-कॉमर्स फॉर्मेट
भारत में डिजिटल शॉपिंग का विस्तार केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा है। ई-कॉमर्स का अगला बड़ा विस्तार टियर-2, टियर-3 शहरों और मध्यम आय वर्ग से आने की उम्मीद है।
आज लगभग 90-95% ऑनलाइन शॉपर्स ऐसे हैं जो ऑफलाइन भी खरीदारी करते हैं, जबकि लगभग आधे ऑफलाइन ग्राहक खरीदारी से पहले ऑनलाइन जानकारी जुटाते हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि उपभोक्ता की खरीदारी यात्रा अब मल्टी-चैनल हो चुकी है।
साथ ही, ई-कॉमर्स में कई नए फॉर्मेट तेजी से उभर रहे हैं। उदाहरण के लिए क्विक कॉमर्स, सोशल कॉमर्स और कैटेगरी-फोकस्ड प्लेटफॉर्म्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। आज कुल ऑनलाइन खर्च का लगभग 60% से अधिक हिस्सा कैटेगरी-फोकस्ड प्लेटफॉर्म्स से आता है, जबकि पारंपरिक हॉरिजॉन्टल मार्केटप्लेस का योगदान लगभग एक-तिहाई के आसपास है।
क्विक कॉमर्स भी तेजी से बढ़ रहा है और इसका मार्केट साइज लगभग $7-8 बिलियन तक पहुंच चुका है, जो 2021-2025 के दौरान 110-130% CAGR की दर से बढ़ा है। यह खासतौर पर युवा ग्राहकों और महिलाओं के बीच लोकप्रिय है क्योंकि इसमें 10 से 15 मिनट में डिलीवरी मिलती है।
ई-कॉमर्स का व्यापक आर्थिक प्रभाव
ई-कॉमर्स का प्रभाव केवल उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे बिजनेस इकोसिस्टम तक फैला हुआ है। इसने ब्रांड्स, सेलर्स, लॉजिस्टिक्स कंपनियों और सरकार तक को लाभ पहुंचाया है।
आज भारत में लगभग 280-300 मिलियन लोग ऑनलाइन खरीदारी करते हैं, जिनमें लगभग 30% ग्रामीण क्षेत्रों से और लगभग 45% महिलाएं शामिल हैं। यह दर्शाता है कि डिजिटल कॉमर्स अब व्यापक सामाजिक बदलाव का माध्यम बन चुका है।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स ने छोटे व्यापारियों और MSMEs को भी राष्ट्रीय स्तर पर ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर दिया है। लगभग 90% छोटे ऑनलाइन व्यवसायों ने अपनी बिक्री में वृद्धि की सूचना दी है और कई ने रोजगार भी बढ़ाया है।
इसके अलावा लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी बड़े बदलाव आए हैं और अब देश के लगभग 100% पिनकोड तक डिलीवरी नेटवर्क पहुंच चुका है, जिससे ऑनलाइन कॉमर्स का विस्तार और तेज हुआ है।
निवेशकों के लिए इसमें क्या है?
भारत का ई-कॉमर्स सेक्टर अभी शुरुआती चरण में है और इसमें लंबी अवधि के निवेश अवसर मौजूद हैं। अभी ई-कॉमर्स का हिस्सा कुल रिटेल खर्च में केवल 6-7% के आसपास है, जबकि कई विकसित देशों में यह कहीं अधिक है।
उदाहरण के लिए, चीन में ई-रिटेल का हिस्सा लगभग 31-33%, अमेरिका में 15-17%, और UK में 27-29% तक पहुंच चुका है। इसके मुकाबले भारत में यह अभी भी काफी कम है, जिससे यह संकेत मिलता है कि भविष्य में इस क्षेत्र में बड़ी वृद्धि की संभावना है।
निवेशकों के लिए यह अवसर केवल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं है। लॉजिस्टिक्स, डिजिटल पेमेंट्स, सप्लाई चेन, क्विक कॉमर्स और सोशल कॉमर्स जैसे जुड़े हुए सेक्टर भी तेजी से बढ़ने वाले हैं। साथ ही, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ब्यूटी और अपैरल जैसी कैटेगरी में ऑनलाइन हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है, जिससे इन क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनियों के लिए भी लॉन्गटर्मअवसर बन रहे हैं।
भविष्य की बातें
आने वाले वर्षों में भारत का ई-कॉमर्स सेक्टर केवल आकार में ही नहीं बल्कि संरचना में भी बड़ा बदलाव देखेगा। 2030 तक इस मार्केट के लगभग $280-300 बिलियन तक पहुंचने की संभावना है, जबकि ऑनलाइन शॉपर्स की संख्या 420-440 मिलियन के करीब हो सकती है।
भविष्य की ग्रोथ मुख्य रूप से छोटे शहरों, मध्यम आय वर्ग और नए डिजिटल उपभोक्ताओं से आएगी। इसके साथ-साथ क्विक कॉमर्स, सोशल कॉमर्स और सब्सक्रिप्शन कॉमर्स जैसे नए मॉडल भी बाजार को और विस्तार देंगे।
हालांकि इस तेज विकास को बनाए रखने के लिए डिजिटल स्किलिंग, बेहतर लॉजिस्टिक्स, पूंजी तक पहुंच और सहयोगी रेगुलेटरी फ्रेमवर्क की भी जरूरत होगी। यदि इन क्षेत्रों में सही निवेश और नीतिगत समर्थन मिलता है, तो भारत का ई-कॉमर्स सेक्टर देश के कंजम्पशन और डिजिटल अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख स्तंभ बन सकता है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल एजुकेशनल और इंफॉर्मेशनल उद्देश्य के लिए है और यह इन्वेस्टमेंट एडवाइस या किसी भी सिक्योरिटीज को खरीदने या बेचने की रिकमेंडेशन नहीं है। यहाँ जिन कंपनियों का उल्लेख किया गया है, उन्हें मार्केट डेवलपमेंट्स के संदर्भ में केवल उदाहरण के रूप में बताया गया है। इन्वेस्टर्स को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी इन्वेस्टमेंट डिसीजन लेने से पहले अपनी खुद की रिसर्च करें और अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से परामर्श करें।
सिक्योरिटीज मार्केट में किए गए इन्वेस्टमेंट मार्केट जोखिम के अधीन होते हैं। इन्वेस्ट करने से पहले सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को ध्यानपूर्वक से पढ़ें।