अपना घर लेना हर किसी का सपना होता है लेकिन क्या घर खरीदने के लिए बचत का उपयोग करना चाहिए या फिर लोन लेना चाहिए, क्या है सही?
पिछले हफ्ते पर्सनल फाइनेंस पर चर्चा करते हुए हमने घर खरीदने या किराए पर लेने के अलग-अलग पहलुओं पर बात की थी। आज, हम चर्चा करेंगे कि घर खरीदने के लिए अपनी बचत का उपयोग करना चाहिए या लोन लेना चाहिए।
तो चलिए शुरू करते हैं!
ट्रेडऑफ़ पर विचार करें
अगर आपके पास इतना पैसा है कि घर खरीद भी लें और कुछ बचा भी लें, तो सेविंग्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन ध्यान रखें कि घर खरीदने के बाद कितनी सेविंग्स बाकी रह जाएगी। पूरी सेविंग्स खर्च करके घर खरीद लेना और फिर बाकी खर्चों के लिए परेशान होना समझदारी नहीं है।
अर्थव्यवस्था में ब्याज दरें
जब अर्थव्यवस्था में ब्याज दरें बहुत कम होती हैं, जैसे 2008 की मंदी या कोरोना के दौरान, तब आपको सस्ते लोन मिल सकते हैं। ऐसे में लोन लेकर घर खरीदना और अपनी सेविंग्स ज़्यादा ब्याज वाले फंड्स, शेयर या PPF में लगाना फायदेमंद हो सकता है।
इसके दूसरी ओर, अगर ब्याज दरें बढ़ रही हैं या पहले से ही बहुत ज़्यादा हैं, तो लोन लेने से पहले थोड़ा रुकना या अपनी सेविंग्स का इस्तेमाल करना समझदारी है।
इलिक्विड एसेट
घर खरीदने के लिए अपनी सारी बचत खर्च करना एक तरह से आपके पैसे को ब्लॉक कर देना है। इसका मतलब है कि आपका पैसा एक जगह फँसा होगा और उसे तुरंत इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
जबकि लोन लेते हैं तो हर महीने एक निश्चित राशि की EMI देनी होती है। ये पैसा आपकी पूरी बचत सेविंग्स बड़ा नहीं होता है, इसलिए आपके पास थोड़ा पैसा बाकी रह जाता है, जिसे आप जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं।
ब्याज भुगतान पर कटौती
अगर आप होम लोन लेते है तो आप एक साल में चुकाई गई मूल राशि पर इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की छूट का दावा कर सकते हैं। साथ ही, आप उस फाइनेंशियल ईयर में चुकाए गए ब्याज पर भी 2 लाख रुपये तक की छूट पा सकते हैं।
उम्र भी मायने रखती है!
अगर आप रिटायरमेंट के करीब हैं और आपकी अच्छी सेविंग्स हैं, तो बिना लोन घर खरीदना समझदारी हो सकती है। लेकिन अगर आपने अभी कमाना शुरू किया है, तो सभी सेविंग्स घर में ब्लॉक कर देना ठीक नहीं होगा।
ये कुछ बातें हैं जिन्हें ध्यान में रखना चाहिए कि सेविंग्स का इस्तेमाल करें या बड़ा लोन लें। जो भी फैसला करें, सोच-समझकर करें, क्योंकि ये आसानी से बदला जा सकने वाला फैसला नहीं है!
आज के लिए सिर्फ इतना ही है। उम्मीद करते है यह जानकारी आपको रोचक लगी होगी। इसे अपने दोस्तों के साथ शेयर करना न भूले।
*यह आर्टिकल केवल जानकारी के उद्देश्य के लिए है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर