भारत में क्विक-कॉमर्स के विस्तार को सबसे तेज़ गति देने वाला वादा था, ‘10 मिनट में डिलीवरी’। कुछ ही वर्षों में ब्लिंकिट, ज़ेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट जैसे प्लेटफॉर्म्स ने इस वादे को अपने ब्रांड की पहचान बना दिया। उपभोक्ता आदतों में जबरदस्त बदलाव आया, शहरों में माइक्रो-फुलफिलमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हुआ और निवेशकों की नज़र में यह मॉडल एक उभरता हुआ अवसर बन गया।
लेकिन जनवरी 2026 में सरकार द्वारा जारी किए गए दिशानिर्देशों ने इस पूरी दौड़ की दिशा बदल दी। सुरक्षा, श्रम मानकों और राइडर्स के कल्याण से जुड़े सवालों ने 10-मिनट डिलीवरी के भविष्य को अनिश्चित बना दिया है।
अब यह सवाल उठता है कि क्या यह मॉडल भारत में केवल एक मार्केटिंग प्रयोग था या वास्तव में उपभोक्ताओं के अनुभव को बदलने वाली स्थायी अवधारणा? आइए समझते है।
क्या है मामला?
13 जनवरी 2026 को, जब देश में लोहड़ी की रौनक थी, भारत की क्विक-कॉमर्स इंडस्ट्री एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई। ब्लिंकिट, ज़ेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट जैसे प्लेटफॉर्म्स ने अपने ऐप्स और विज्ञापनों से ‘10 मिनट डिलीवरी’ का वादा हटाना शुरू किया। यह कदम यूनियन श्रम मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद उठाया गया, जिसने साफ़ कहा कि डिलीवरी की रफ्तार किसी भी हाल में डिलीवरी पार्टनर्स की सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष डिजिटल मार्केट से ऊपर नहीं हो सकती।
नए साल की शुरुआत गिग वर्कर्स के लिए विरोध के साथ हुई। जब उपभोक्ता जश्न मना रहे थे, तब डिलीवरी पार्टनर्स अनिश्चित कमाई, सामाजिक सुरक्षा की कमी और समय-सीमा आधारित डिलीवरी के दबाव के खिलाफ आवाज़ उठा रहे थे। कुछ ही दिनों में सरकार का दखल आया और 10 मिनट की डिलीवरी को खत्म करने का निर्देश जारी हुआ, जो क्विक-कॉमर्स मॉडल के लिए एक अहम बदलाव का संकेत बन गया।
10-मिनट डिलीवरी का असली संचालन कैसे चलता था?
यह समझना ज़रूरी है कि 10-मिनट की डिलीवरी केवल राइडर्स की तेज़ मोटरसाइकिल पर निर्भर नहीं थी। इसके पीछे एक जटिल और अत्यधिक पूंजी-निर्भर इंफ्रास्ट्रक्चर काम करता था। ब्लिंकिट, ज़ेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट जैसी कंपनियों ने शहरों में सैकड़ों डार्क स्टोर्स बनाए है, जिनमें औसतन दो से चार हजार तक प्रोडक्ट रखे जाते थे। ये डार्क स्टोर्स शहर के उन हिस्सों में स्थापित किए गए थे जहां तीन किलोमीटर के भीतर अधिकतम उपभोक्ताओं को कवर किया जा सके।
इस पूरी व्यवस्था को इस तरह डिज़ाइन किया गया था कि ऑर्डर आने के बाद प्रोडक्ट को चुनने और पैकिंग का समय नब्बे सेकंड से भी कम हो। स्टोर्स को माइक्रो-ज़ोन में बांटकर उन क्षेत्रों में डिलीवरी को बेहद तेज़ बनाया जाता था।
डिलीवरी पार्टनर्स के पास औसतन सात से बारह मिनट की वास्तविक समयसीमा होती थी। फिर भी उपभोक्ता आकर्षण बढ़ाने के लिए इसे मार्केटिंग में ‘10 मिनट’ के रूप में प्रस्तुत किया जाता था। यह पूरा सिस्टम तकनीकी मॉनिटरिंग, लोकेशन-आधारित ऑर्डर एल्गोरिथ्म और उच्च निवेश पर निर्भर था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इस मॉडल में गति उतनी आसान नहीं थी जितनी विज्ञापनों में दिखाई देती थी।
सरकार ने 10-मिनट डिलीवरी रेस पर ब्रेक क्यों लगाया?
डिलीवरी पार्टनर्स की सुरक्षा: 10-मिनट जैसी सख्त समयसीमा के कारण राइडर्स पर तेज़ गाड़ी चलाने और ट्रैफिक या खराब मौसम में जोखिम उठाने का दबाव बढ़ रहा था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार सामने आ रही थी।
गिग वर्कर्स का विरोध: दिसंबर 2025 में क्रिसमस और नए साल के दिन डिलीवरी पार्टनर्स की हड़ताल ने असुरक्षित कामकाजी हालात, स्वास्थ्य कवर की कमी और अनिश्चित आय जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बना दिया।
श्रम मंत्रालय का हस्तक्षेप: श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के साथ बैठक में साफ़ किया कि ऐसे ब्रांडिंग वादों से बचा जाए जो अप्रत्यक्ष रूप से डिलीवरी समय का दबाव बनाते हों।
महामारी के बाद तेज़ डिलीवरी की आदत: क्विक-कॉमर्स की शुरुआत कोविड लॉकडाउन के दौरान हुई, जब ग्राहकों में किराना और दैनिक जरूरतों की तत्काल डिलीवरी की डिमांड अचानक बढ़ गई, जिसने पूरे रिटेल इकोसिस्टम को बदल दिया।
नए श्रम कानूनों से बढ़ी जिम्मेदारी: नवंबर 2025 से लागू नए श्रम कानूनों के तहत गिग प्लेटफॉर्म्स को श्रमिकों के वेतन का 1-2% तक राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा कोष में योगदान देना होगा, जिससे श्रमिक कल्याण पर फोकस बढ़ा।
निवेशकों के लिए इसमें क्या है?
13 जनवरी को श्रम मंत्रालय के निर्देश के बाद जब क्विक-कॉमर्स कंपनियों ने 10-मिनट डिलीवरी मॉडल से कदम पीछे खींचे, तो इसका सीधा असर शेयर मार्केट पर दिखाई दिया। ज़ोमैटो और स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म्स निवेशकों के प्रमुख फोकस में आ गए और 1 से 2% के बीच गिरावट देखने को मिली।
निवेशकों के नज़रिये से यह बदलाव मिश्रित प्रभाव लेकर आता है। तेज़ डिलीवरी का मॉडल इन कंपनियों की तेजी से बढ़ती पहचान का आधार था और इससे उपभोक्ता आकर्षण भी मजबूत हुआ था। इसलिए इसके खत्म होने से विकास की गति में कुछ नरमी का जोखिम मौजूद है। साथ ही डार्क स्टोर्स और माइक्रो-लॉजिस्टिक्स जैसी महंगी व्यवस्थाओं में किए गए भारी निवेश को अब नए व्यापार मॉडल के संदर्भ में पुनः मूल्यांकन की जरूरत होगी। इसके बावजूद, यह बदलाव कंपनियों को अधिक सुरक्षित, स्थिर और नियम-संगत संचालन की ओर ले जा सकता है जो लंबे समय में निवेशकों के लिए सकारात्मक दिशा भी बना सकता है।
भविष्य की बातें
क्विक-कॉमर्स की 10-मिनट रेस भले ही समाप्त होती दिख रही हो, लेकिन यह सेक्टर खत्म नहीं हो रहा। बल्कि यह अब अपने नए रूप में प्रवेश कर रहा है, जहां गति से ज्यादा महत्व स्थिरता, तकनीक और प्रॉफिटेबिलिटी का होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बेहतर रूट ऑप्टिमाइजेशन तकनीकें डिलीवरी समय के अनुमान को और सटीक बनाएंगी। इसके साथ ही कंपनियां सब्सक्रिप्शन मॉडल, बड़े ऑर्डर बास्केट और अधिक विविध प्रोडक्टों पर फोकस करेंगी।
कुल मिलाकर, यह कहना गलत नहीं होगा कि 10-मिनट का युग शायद पीछे छूट रहा है, लेकिन क्विक-कॉमर्स की कहानी अभी बाकी है। अब यह दौर उन कंपनियों का होगा जो तेज़ी के बजाय समझदारी से आगे बढ़ेंगी।
*आर्टिकल में शामिल कंपनियों के नाम केवल सूचना के उद्देश्य के लिए है। यह निवेश सलाह नहीं है।
*डिस्क्लेमर: तेजी मंदी डिस्क्लेमर