भारत की आर्थिक यात्रा वर्तमान में एक ऐसे मोड़ पर है जहाँ रिटेल निवेशकों की भूमिका केवल भागीदारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे मार्केट का आधार बन गए हैं। पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्मार्टफोन की पहुंच और रियल-टाइम पेमेंट्स ने निवेश को घर-घर तक पहुँचाया है। लेकिन हाल के डेटा कुछ अलग कहानी बयां कर रहे हैं। जहाँ एक ओर रिटेल निवेशक भारतीय मार्केट को ‘आत्मनिर्भर’ बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक्टिव क्लाइंट बेस में आती गिरावट एक बड़ा सवाल खड़ा करती है।
आइए विश्लेषण करें कि क्या भारतीय रिटेल निवेशकों का उत्साह कम हो रहा है या वे निवेश के अधिक परिपक्व और सुरक्षित तरीकों की ओर बढ़ रहे हैं।
क्या है मामला?
FY26 भारतीय शेयर मार्केट के लिए चुनौतीपूर्ण रहा, जहाँ NSE के डेटा के अनुसार करीब 35 लाख एक्टिव इन्वेस्टर्स मार्केट से बाहर हो गए। यह गिरावट खासतौर पर बड़े डिस्काउंट ब्रोकर्स जैसे ज़ेरोधा, एंजेल वन और अपस्टॉक्स में देखने को मिली। पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ते रिटेल निवेश के बाद यह पहली बार है जब इतनी बड़ी कमी आई है, जिससे रिटेल भागीदारी की ‘स्टिकिनेस’ पर सवाल उठने लगे हैं।
एक्टिव इन्वेस्टर्स में कमी की बजह जानने के लिए आप ‘NSE FY26 रिपोर्ट: 35 लाख एक्टिव निवेशकों की मार्केट से विदाई’ आर्टिकल पढ़ सकते है।
कैश मार्केट के डेटा से पता चलता है कि निवेशकों की भागीदारी काफी अस्थायी हो गई है। सिर्फ एक दिन ट्रेड करने वाले निवेशक 24% हैं, जबकि 10 दिन या उससे कम ट्रेड करने वालों की हिस्सेदारी 69% तक है। इसके विपरीत, 100 दिन से अधिक एक्टिव रहने वाले निवेशक केवल 2.9% रह गए हैं, जो लंबे समय तक टिके रहने वाले निवेशकों की कमी को दर्शाता है।
क्या यह बदलाव अस्थायी है या स्ट्रक्चरल ट्रेंड?
FY2026 में एक्टिव इन्वेस्टर्स की गिरावट और कम होती ‘स्टिकिनेस’ पहली नजर में चिंता जरूर पैदा करती है, लेकिन इसे बड़े ट्रेंड के संदर्भ में देखना जरूरी है। इतिहास बताता है कि ग्लोबल फाइनेंशियल क्राइसिस (FY07–09) के दौरान भी रिटेल भागीदारी में तेज गिरावट आई थी, जब FIIs की ₹47,000 करोड़ (FY09) की बिकवाली के साथ NIFTY 50 में करीब 68% की गिरावट आई थी और निवेशक लंबे समय तक मार्केट से दूर रहे थे।
हालांकि, वर्तमान स्थिति इससे अलग दिखती है। हाल के वर्षों में, भारी ग्लोबल अनिश्चितताओं जैसे COVID-19 महामारी, बढ़ती ऑयल कीमतें और जियोपॉलिटिकल तनाव के बावजूद रिटेल निवेशकों का भरोसा पूरी तरह टूटा नहीं है। FY22 और FY23 में FIIs की बड़ी बिकवाली (~₹1.4 लाख करोड़ और ~₹37,000 करोड़) के बावजूद मार्केट ने पॉजिटिव रिटर्न दिए, जिसका एक बड़ा कारण रिटेल और DII भागीदारी का मजबूत रहना है।
यही अंतर इस बात की ओर इशारा करता है कि भले ही FY2026 में एक्टिविटी घट रही हो और शॉर्ट-टर्म ट्रेडर्स का दबदबा बढ़ा हो, लेकिन रिटेल निवेशकों की कुल उपस्थिति और उनका आत्मविश्वास पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत और स्ट्रक्चरल रूप से स्थापित हो चुका है।
डिजिटल इंडिया और युवाओं का नया भरोसा
भारत में रिटेल निवेशकों की प्रोफाइल तेजी से बदल रही है, जहाँ आज का निवेशक पहले की तुलना में अधिक युवा, डिजिटल और आत्मविश्वासी बन चुका है। डेटा के अनुसार, 30 साल से कम उम्र के निवेशकों की हिस्सेदारी मार्च 2019 के 22.6% से बढ़कर जुलाई 2025 में 38.9% हो गई है, जो यह दिखाता है कि इक्विटी निवेश अब युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
इसके साथ ही, निवेश का माध्यम भी बदल चुका है। आज लगभग 80% रिटेल निवेशक ऐप-बेस्ड प्लेटफॉर्म्स के जरिए निवेश करते हैं, जिससे मार्केट तक पहुंच आसान और तेज हो गई है। यह बदलाव केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, क्योंकि 55-60% नए SIP रजिस्ट्रेशन टॉप 30 शहरों के बाहर से आ रहे हैं, जो निवेश के बढ़ते लोकतंत्रीकरण को दर्शाता है।
यह नया निवेशक न केवल अधिक जागरूक है, बल्कि टेक्नोलॉजी के कारण तेजी से निर्णय लेने में सक्षम भी है। यही कारण है कि भारत का रिटेल इन्वेस्टर बेस अब केवल संख्या में ही नहीं, बल्कि व्यवहार और दृष्टिकोण में भी एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
निवेशकों के लिए इसमें क्या है?
अब तक के सभी संकेत यह बताते हैं कि भारतीय रिटेल इन्वेस्टर स्टोरी खत्म नहीं हो रही, बल्कि उसका स्वरूप बदल रहा है। एक तरफ FY26 में एक्टिव इन्वेस्टर्स की गिरावट और कम ‘स्टिकिनेस’ यह दिखाती है कि शॉर्ट-टर्म भागीदारी अस्थिर हो सकती है, वहीं दूसरी तरफ बढ़ती रिटेल हिस्सेदारी, पॉजिटिव नेट इनफ्लो और FIIs की भारी बिकवाली के बावजूद मार्केट का टिके रहना एक मजबूत स्ट्रक्चरल आधार की ओर इशारा करता है।
नए दौर का निवेशक युवा, डिजिटल और अधिक जागरूक है, लेकिन उसका व्यवहार तेजी से बदलता भी है। ऐसे में केवल ट्रेडिंग या शॉर्ट-टर्म मूवमेंट्स पर निर्भर रहना जोखिम बढ़ा सकता है। इसके बजाय SIP, पैसिव इन्वेस्टिंग और लॉन्ग-टर्म एसेट एलोकेशन जैसे डिसिप्लिन्ड अप्रोच अधिक महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं।
भविष्य की बातें
आने वाले समय में रिटेल निवेशकों की भूमिका बनी रहेगी, लेकिन उनका व्यवहार अधिक चयनात्मक होता दिख रहा है। मिंट के अनुसार, FY26 में छह साल की लगातार खरीदारी (₹4.6 ट्रिलियन) के बाद रिटेल निवेशकों ने करीब ₹5,803 करोड़ की नेट बिकवाली की, जो पूरी तरह बाहर निकलना नहीं बल्कि ऊँचे वैल्यूएशन के बीच एक टैक्टिकल रिअलोकेशन था। दिलचस्प रूप से, प्राइमरी मार्केट में निवेश ₹42,608 करोड़ तक मजबूत बना रहा।
इसी दौरान DIIs ने ~₹8.5 ट्रिलियन का निवेश कर मार्केट को सहारा दिया, जबकि रिटेल हिस्सेदारी में करीब 90 बेसिस पॉइंट की गिरावट आई। दूसरी ओर, प्रोप्रायटरी ट्रेडर्स (30.9%) और DIIs (14.2%) की हिस्सेदारी बढ़ी, जबकि FIIs 14.6% पर आ गए।
यह ट्रेंड दिखाता है कि मार्केट अब अधिक परिपक्व हो रहा है, जहाँ रिटेल भागीदारी बनी रहेगी, लेकिन धीरे-धीरे डायरेक्ट ट्रेडिंग से हटकर अधिक स्ट्रक्चर्ड और संस्थागत माध्यमों की ओर शिफ्ट देखने को मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल एजुकेशनल और इंफॉर्मेशनल उद्देश्य के लिए है और यह इन्वेस्टमेंट एडवाइस या किसी भी सिक्योरिटीज को खरीदने या बेचने की रिकमेंडेशन नहीं है। यहाँ जिन कंपनियों का उल्लेख किया गया है, उन्हें मार्केट डेवलपमेंट्स के संदर्भ में केवल उदाहरण के रूप में बताया गया है। इन्वेस्टर्स को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी इन्वेस्टमेंट डिसीजन लेने से पहले अपनी खुद की रिसर्च करें और अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से परामर्श करें।
सिक्योरिटीज मार्केट में किए गए इन्वेस्टमेंट मार्केट जोखिम के अधीन होते हैं। इन्वेस्ट करने से पहले सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को ध्यानपूर्वक से पढ़ें।